प्रयागराज : भुगतान न करने पर पीडब्ल्यूडी के एई-जेई को जान से मारने की धमकी
कुंभ मेला डिवीजन में मानक के विपरीत बनी सड़क के भुगतान के लिए दबाव बनाने का मामला। अभियंताओं ने एसएसपी से लगाई सुरक्षा की गुहार, एक्सईएन ने जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति बनाई। फर्म को ब्लैक लिस्टेड करने की चल रही है तैयारी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मानक के विपरीत सड़क निर्माण का भुगतान न करने पर पीडब्ल्यूडी के कुंभ मेला डिवीजन में तैनात सहायक अभियंता और अवर अभियंता को जान से मारने की धमकी दी गई है। सड़क निर्माण कराने वाली फर्म के संचालक की धमकी के बाद एई, जेई दहशत में हैं। दोनों अभियंताओं ने डीएम, एसएसपी को पत्र लिखकर जान माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। उधर, कुंभ मेला डिवीजन के अधिशासी अभियंता राम स्वरूप ने बिना काम कराए भुगतान की शिकायत की जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित कर दी है। उनका कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद फर्म को ब्लैक लिस्ट करने की कार्रवाई की जाएगी।
कुंभ मेला डिवीजन में करीब दो किमी लंबे हाजीपुर-बढ़ैया मार्ग से बदलापुर से सेवइत रेलवे स्टेशन तक संपर्क मार्ग से मार्ग से मामला जुड़ा है। इस सड़क के निर्माण में मानक की अनदेखी करने और एई-जेई की ओर से सुधार की चेतावनी देने के बाद भी मनमाना काम पूरा कराने का आरोप है। एक्सईएन राम स्वरूप को एई धनीराम और जेई दीपक कुमार ने पत्र लिखकर मामले की जानकारी दी है।
एसपी को पत्र भेजकर जान माल के सुरक्षा की लगाई गुहार
पत्र में अभियंताओं ने कहा है कि मानक की अनदेखी करते हुए कराए गए काम का भुगतान कराने के लिए ठेका संचालक की ओर से लगातार दबाव बनाया जा रहा है। काम की मापी और बिलों का भुगतान न कराने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही है। इसकी शिकायत अभियंताओं ने डीएम संजय खत्री और एसएसपी से भी की है। एसएसपी को लिखे पत्र में एई, जेई ने जान माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है।
साथ ही एक्सईएन से ठेका फर्म को ब्लैक लिस्ट करने का भी आग्रह किया है। शिकायत मिलने के बाद एक्सईएन ने एई सत्येंद्र नाथ के नेतृत्व में तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित कर दी है। एक्सईएन का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद कदम उठाया जाएगा।
इंजीनियर्स संघ ने अभियंताओं के लिए मांगी सुरक्षा
डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ के जनपद सचिव पंकज ने एक्सईएन कुंभ मेला डिवीजन से धमकी देने वाले ठेकेदार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने और ठेका फर्म को ब्लैक लिस्ट करने के लिए एक्सईएन को पत्र लिखा है। उनका कहना है कि दोनों अभियंताओं का अन्यत्र स्थानांतरण कर उन्हें सुरक्षा प्रदान की जानी चाहिए, ताकि किसी तरह की अनहोनी घटना से बचा जा सके।