पीएम मोदी बोले : खुलेगा समृद्धि का द्वार, आसपास के भी जिलों का बढ़ेगा कारोबार
कुंभ से पूर्व ही इस क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों में तेजी आ गई है। कुंभ के दौरान एक नए शहर में हर रोज लाखों की संख्या में लोग आएंगे। पूरी व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रयागराज में बड़ी संख्या में लोगों की जरूरत पड़ेगी। यहां छह से ज्यादा नाविक , हजारों दुकानदार साथी, पूजा पाठ और स्नान ध्यान करने में मदद करने वाले सभी का काम बहुत बढ़ेगा।
विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाकुंभ को समृद्धि से जोड़कर इसकी दिव्यता का भी संदेश दिया। कहा कि महाकुंभ से समृद्धि का द्वार खुलेगा। आयोजन से बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार मिलेगा। पूरे क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियां भी तेज हो गई हैं। पीएम मोदी ने कहा कि कुंभ शुरू होने में एक माह का वक्त है। महाकुंभ से जुड़ा एक पक्ष आर्थिक गतिविधियों का विस्तार भी है। कुंभ से पूर्व ही इस क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों में तेजी आ गई है। कुंभ के दौरान एक नए शहर में हर रोज लाखों की संख्या में लोग आएंगे। पूरी व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रयागराज में बड़ी संख्या में लोगों की जरूरत पड़ेगी। यहां छह से ज्यादा नाविक , हजारों दुकानदार साथी, पूजा पाठ और स्नान ध्यान करने में मदद करने वाले सभी का काम बहुत बढ़ेगा।
अर्थव्यवस्था में आएगी तेजी
यानी, यहां बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर तैयार होंगे। सप्लाई चेन को बनाए रखने के लिए व्यापारियों को दूसरे शहरों से सामान मंगाना पड़ेगा। इसका असर आसपास के जिलों में भी पड़ेगा। देश के दूसरे राज्यों से आने वाले श्रद्धालु ट्रेन या विमान की सेवाएं लेंगे, इससे भी अर्थव्यवस्था में तेजी आएगी। यानी महाकुंभ से सामाजिक मजबूती तो मिलेगी ही लोगों को आर्थिक सशक्तिकरण भी होगा। पीएम ने कहा कि महाकुंभ में आने वाले श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो इसके लिए केंद्र एवं प्रदेश की डबल इंजन की सरकार अपना दायित्व निभा रही है। सरकार के अलग-अलग विभाग महाकुंभ की तैयारियों को पूरा करने में जुटे हुए हैं। देश एवं दुनिया से आने वाले लोगों को दिक्कत न हो, इसके लिए कनेक्टिविटी बेहतर की गई है।
पीएम मोदी का भाषण सुनने के बाद केंद्रीय व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुशील खरबंदा ने बताया कि निश्चित ही महाकुंभ से प्रयागराज का कारोबार नई ऊंचाइयों को छुएगा। इसका असर शहर के कारोबार में दिखने भी लगा है। कंफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र गोयल ने कहा कि महाकुंभ के दौरान कारोबार बढ़ना तय है। आसपास के जिले के लोगों को भी फायदा मिलेगा। हजारों लोगों को रोजगार के भी अवसर मिलेंगे।
महाकुंभ से जुड़ी फोटोग्राफी प्रतियोगिता से जोड़े जाएं युवा
पीएम मोदी ने महाकुंभ से युवाओं को जोड़े जाने की भी वकालत की। पीएम ने कहा कि मेरा सुझाव है कि डेटा और तकनीकी के संगम से ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोड़ा जाए। पीएम ने कहा कि महाकुंभ से जुड़ा फोटोग्राफी कंपटीशन का आयोजन किया जा सकता है। एकता के महाकुंभ के तौर पर दिखाने वाली फोटोग्राफी की प्रतियोगिता भी रखी जा सकती है। इस पहल से युवाओं का कुंभ के प्रति आकर्षण बढ़ेगा। ज्यादा से ज्यादा श्रद्धालु इसमें हिस्सा लेंगे।
अध्यात्म और प्रकृति से जुड़ी प्रतियोगिता का आयोजन कर सकते हैं। पीएम ने कहा कि जब यह तस्वीरें सोशल मीडिया में पहुंचेंगी तो कितना बड़ा कैनवास तैयार होगा उसकी कल्पना नहीं की जा सकती है। इसमें कितने रंग, कितनी भावनाएं मिलेंगी, यह गिन पाना मुश्किल होगा। पीएम ने कहा कि आज देश एक साथ विकसित भारत के संकल्प की तरफ तेजी से बढ़ रहा है। मुझे पूरा विश्वास है कि इस महाकुंभ से निकली आध्यात्मिक और सामूहिक शक्ति हमारे संकल्प को और मजबूत बनाएगी।