प्रयागराज : टीजीटी-पीजीटी नई अर्हता के विरोध में छात्रों का आंदोलन तेज, एडी माध्यमिक कार्यालय का किय घेराव
माध्यमिक शिक्षा विभाग की टीजीटी-पीजीटी की नई शैक्षिक अर्हता का प्रतियोगी छात्र विरोध कर रहे हैं। अभ्यर्थियों ने अपर शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) के कार्यालय के सामने शुक्रवार को आत्मदाह की चेतावनी दी है।
विस्तार
टीजीटी-पीजीटी की भर्ती पुरानी नियमावली से कराए जाने की मांगों के समर्थन में चल रहा धरना व अनशन शुक्रवार को भी जारी रहा। अनशन पर बैठे अभ्यर्थियों के आत्महत्या की चेतावनी के कारण धरना स्थल से लेकर शिक्षा निदेशालय तक पुलिस फोर्स बढ़ा दी गई थी।
अपर शिक्षा निदेशक माध्यमिक, कामता राम पाल धरनास्थल पर पहुंच गए लेकिन बात नहीं बनी। दिन भर सैकड़ों की संख्या में प्रतियोगी छात्र धरना स्थल पर प्रदर्शन करते रहे। शाम को सभी पैदल ही शिक्षा निदेशालय पहुंच गए। यहां अपर शिक्षा निदेशक, माध्यमिक कामता राम पाल के कार्यालय के बाहर जमीन पर बैठ गए। अनशन पर बैठे चारों प्रतियोगी छात्र भी जमीन लेटे रहे। छात्रों के आक्रोश को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स लगा दी गई थी।
एक वर्ष का बेटा बीमार है, मैं अनशन पर हूं
करीब 600 किलोमीटर दूर बुलंदशहर से प्रयागराज आए प्रवीण कुमार 14 दिनों से अनशन पर हैं। वह पत्नी से वीडियो कॉल पर बात कर रहे थे। अपने एक साल के बीमार बच्चे का हाल पूछ रहे थे। इसके बाद वह भावुक होकर रोने लगते हैं। उन्होंने कहा, मैं अपने बीमार बच्चे को छोड़कर 30 अगस्त से यहां आया हूं। घर पर मेरी जरूरत है लेकिन मैं नहीं जा पा रहा हूं। मांग पूरी न होने तक मैं यहां से नहीं जाऊंगा, भले ही मेरी जान चली जाए।
अनशनरत छात्रों को ओढ़ाया गया प्रतीकात्मक कफन
अनशन कर रहे चार प्रतियोगी छात्र भी शिक्षा निदेशालय पहुंचे थे। यहां पर उनके ऊपर प्रतीकात्मक कफन ओढ़ाकर प्रदर्शन किया गया। छात्र अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा की फोटो भी लेकर बैठे रहे। अफसरों के खिलाफ व सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते रहे।