Prayagraj : व्हाट्सएप पर ‘अलविदा दोस्त’ का मैसेज लिख संदिग्ध हालात में फंदे से लटका मिला छात्र
प्रतियोगी छात्र ने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। उसका शव छत के पंखे से लटकता मिला। कमरे से कोई सुसाइट नोट नहीं मिला। प्रतापगढ़ का रहने वाला छात्र प्रयागराज में कैंट इलाके में किराए पर कमरा लेकर परीक्षा की तैयारी करता था।
विस्तार
कैंट थाना क्षेत्र में प्रतापगढ़ के हथिगवां थाना क्षेत्र के दलापुर के प्रतियोगी छात्र का शव शनिवार को संदिग्ध हालात में कमरे में पंखे के सहारे लटका मिला। कमरे का दरवाजा खुला होने के चलते परिजनों ने अनहोनी की आशंका जाहिर की है। बताया जा रहा कि उसने देर रात एक दोस्त के व्हाट्सएप पर ‘अलविदा दोस्त’ का मैसेज भेजा था। मृतक के चचेरे भाई ने उसके दोस्त पर ब्लैक मेल करने का आरोप लगाया है। कैंट इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने बताया कि कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। छात्र का फोन कब्जे में लेकर जांच की जा रही है।
उक्त गांव निवासी राम प्रताप यादव दिल्ली के निजी अस्पताल में वार्ड बॉय हैं। साहिल यादव (20) उनके चार बेटों में सबसे छोटा था। भाई अमित यादव ने बताया कि साहिल बीए प्रथम वर्ष का छात्र था। वह शहर की बेली कॉलोनी के पास स्थित तिवारी लॉज में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। अमित ने बताया कि शनिवार सुबह करीब सात बजे साहिल के दोस्त तरुण पाल ने मां को फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन प्रयागराज स्थित लॉज पहुंचे तो साहिल का शव कमरे में पंखे के सहारे लटका था। बताया जा रहा कि तरुण ने ही लॉज मालिक और पुलिस को भी घटना की जानकारी दी। कैंट थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रूम पार्टनर भी रह चुका था दोस्त तरुण
दोस्त तरुण पाल ने परिजनों को बताया कि जब वह सुबह उठा तो फोन में साहिल का मैसेज आया था। देखा तो उसमें लिखा था ‘अलविदा दोस्त’। यह देख वह साहिल के कमरे पर पहुंचा। दरवाजे को धक्का दिया तो वह खुल गया। अंदर जाकर देखा तो साहिल फंदे से लटका था।
वहीं, चचेरे भाई सोनू यादव ने तरुण पर आरोप लगाते हुए बताया कि उसका फोन चेक किया तो देखा कि उनके भाई साहिल ने रात आठ बजे मैसेज किया और फिर उसे डिलीट कर दिया। इसके बाद उसे ब्लॉक कर दिया। फिर कुछ देर बाद अन ब्लॉक किया। इसके बाद तरुण ने एक मैसेज डिलीट कर दिया।
फिर रात 12:48 बजे तरुण के पास दो बार वीडियो कॉल की, लेकिन फोन नहीं उठा। फिर उसने 1:50 बजे मैसेज में ''''''''''''''''''''''''''''''''अलविदा दोस्त'''''''''''''''''''''''''''''''' लिखा था। भाई ने कहा कि शव पोस्टमार्टम के लिए जाने के बाद तरुण फतेहपुर में पेपर देने का बहाना बनाकर यहां से चला गया। उस रात दोनों के बीच क्या बातें हुईं उसने जानकारी नहीं दी।
सोनू ने यह भी बताया कि तरुण साहिल इससे पहले रूम पार्टनर भी थे। लेकिन, दो दिन पहले ही साहिल ने कमरा बदल लिया। चचेरे भाई ने तरुण पर आरोप लगाते हुए आशंका जताई है कि उसने ही साहिल को किसी बात पर ब्लैक मेल किया। जिसके बाद उसने आत्मघाती कदम उठाया।
साहिल ने घरवालों से की थी बात, आम ले जाने के लिए मां ने बुलाया था घर
कैंट थाना क्षेत्र के बेली कॉलोनी के पास तिवारी लॉज में दो दिन पहले ही छात्र साहिल यादव (20) ने कमरा शिफ्ट किया था। घटना वाली रात उसने परिजनों से फोन पर बात भी की थी। पिता से दो हजार रुपये भी ऑनलाइन मंगाए थे। मां ने साहिल को आम ले जाने के लिए घर भी बुलाया था। लेकिन, उसने इन्कार कर दिया था।
भाई अमित ने बताया कि शुक्रवार की सुबह साहिल ने मां को फोन किया था। इसके बाद बड़े भाई से बात थी। उधर, रात करीब 10 बजे पिता रामप्रताप यादव से ऑनलाइन पैसे मंगाए थे। भाई ने बताया कि 27 मई को साहिल घर आया था और 29 को प्रयागराज चला गया। तब सबकुछ ठीक था।
यूपीएससी की तैयारी करने के लिए दो दिन पहले ही बदला था कमरा
घटना के दो दिन पहले ही बेली कॉलोनी स्थित तिवारी लॉज में साहिल ने कमरा लिया था। लॉज मालिक देवांग त्रिपाठी ने बताया कि 11 जून को साहिल शिफ्ट हुआ था। इससे पहले वह दो साल से ब्लड बैंक के पास रह रहा था। छात्र ने कमरा लेते समय बताया कि वह यूपीएससी की तैयारी कर रहा है।
मकान मालिक ने बताया कि सुबह उसके दोस्त तरुण के कमरे पर आने के बाद घटना की जानकारी हुई। कमरे में जाकर देखा तो फर्श पर एक नायलाॅन की टूटी रस्सी पड़ी थी। मकान मालिक ने आशंका जताते हुए कहा कि रस्सी टूटने के बाद छात्र ने चादर का फंदा बनाकर खुदकुशी की है।