शेखर बहुगुणा बोले : प्रयागराज नेहरू-गांधी परिवार का गढ़, भारत जोड़ो न्याय यात्रा का पड़ेगा व्यापक असर
कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रयागराज नेहरू और गांधी परिवार का संसदीय क्षेत्र और पैतृक स्थल होने के साथ ही देश की आजादी के आंदोलन का प्रमुख केंद्र रहा है। यहां राहुल गांधी की न्याय यात्रा का व्यापक असर होगा। बहुगुणा शुक्रवार को अमर उजाला से विशेष बातचीत कर रहे थे।
विस्तार
यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री हेमवती नंदन बहुगुणा के पुत्र और वरिष्ठ कांग्रेस नेता शेखर बहुगुणा ने कहा कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा देश की राजनैतिक दिशा बदलने का कार्य करेगी। प्रयागराज नेहरू और गांधी परिवार का संसदीय क्षेत्र और पैतृक स्थल होने के साथ ही देश की आजादी के आंदोलन का प्रमुख केंद्र रहा है। यहां राहुल गांधी की न्याय यात्रा का व्यापक असर होगा। बहुगुणा शुक्रवार को अमर उजाला से विशेष बातचीत कर रहे थे।
उत्तराखंड के पूर्व सीएम विजय बहुगुणा के छोटे भाई शेखर ने कहा कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा पार्ट वन कन्याकुमारी से कश्मीर तक के लिए निकाली गई थी। पार्ट टू यात्रा मणिपुर से महाराष्ट्र के लिए निकाली गई है। देश में व्याप्त सौहार्द का वातावरण इस समय बिगड़ गया है। मणिपुर के लोगों को न्याय मिलना चाहिए, बेरोजगारों और किसानों को न्याय चाहिए।
ओलंपिक में पदक जीतने वाली बेटियों को भी न्याय चाहिए। इसी लिए इस यात्रा का नाम भारत जोड़ो न्याय यात्रा रखा गया है। यह यात्रा 18 फरवरी को प्रयागराज के उस इलाके में प्रवेश करेगी जो कभी नेहरू और गांधी परिवार का गढ़ रहा है। यहां की जनता को नेहरू और गांधी परिवार से विशेष लगाव है। राहुल गांधी के यहां आने से यादें और ताजा हो जाएंगी।
न्याय यात्रा के होंगे दूरगामी परिणाम
यह यात्रा भले ही शहर में प्रवेश के बाद गंगा पार करते हुए प्रतापगढ़ चली जाएगी, लेकिन इसका असर पूरे जिले में होगा। कहा कि राहुल गांधी की पार्ट वन यात्रा से तीन राज्यों में कांग्रेस को जीत मिली, पार्ट टू की यात्रा से तेलंगाना में जीत मिली। कहा कि राम मंदिर निर्माण और कई लोगों को भारत रत्न देने के भाजपा के दांव का कोई असर लोकसभा चुनाव में पड़ने वाला नहीं है। राहुल गांधी जो बिगुल फूंक रहे हैं उसका दूरगामी असर होगा। प्रियंका गांधी के सवाल पर कहा कि उनकी मर्जी है कि वह रायबरेली या चाहे जहां से चुनाव लड़ें। इतना जरूर है कि वह चाहे जहां से चुनाव लड़ेंगी उसका असर 10 से 15 लोकसभा सीटों पर होगा।