Prayagraj : घर में ही छिपा सरिता की हत्या का राज, करीबी रिश्तेदार से मिले अहम सुराग
घूरपुर थाना क्षेत्र के कांटी गांव के डेरा खटिखान बस्ती में सरिता (15) की गला रेत कर हत्या के मामले में पुलिस को एक करीबी रिश्तेदार से पूछताछ में अहम सुराग मिले हैं। पूछताछ में ऐसे तथ्य सामने आए हैं जिनसे आशंका है सरिता हत्याकांड का राज घर में ही छिपा है।
विस्तार
घूरपुर थाना क्षेत्र के कांटी गांव के डेरा खटिखान बस्ती में सरिता (15) की गला रेत कर हत्या के मामले में पुलिस को एक करीबी रिश्तेदार से पूछताछ में अहम सुराग मिले हैं। पूछताछ में ऐसे तथ्य सामने आए हैं जिनसे आशंका है सरिता हत्याकांड का राज घर में ही छिपा है। पता चला है कि शक के चलते रात में ही सरिता का पहले गला दबाया गया और फिर झाड़ियों में ले जाकर दरांती से उसका गला रेत दिया गया।
हत्या का खुलासा करने के लिए डीसीपी यमुनानगर ने चार टीमें बनाई हैं। टीम ने परिवार के एक करीबी रिश्तेदार से पूछताछ की है। सूत्रों के अनुसार, उसने सरिता की हत्या की कहानी बयां की है। उसने बताया है कि परिवार व उसके करीबी ही सरिता के जान के दुश्मन थे जो उस पर शक करते थे। इसलिए उसे मारा गया है। अगर परिवार व उनके करीबियों से पूछताछ की जाए तो हत्या का खुलासा हो जाएगा।
वहीं पुलिस की दूसरी टीम हत्या का पर्दाफाश करने के लिए ग्रामीणों से भी पूछताछ कर रही है। इसमें भी करीबियों व परिजनों पर सवाल उठ रहे हैं। जांच में पता चला है कि रात करीब 12 से 12:30 के आसपास सरिता का पहले गला दबाया गया और फिर गला रेतकर उसकी हत्या कर दी गई। करीबी रिश्तेदार ने पुलिस से कहा कि सरिता के परिजनों को अगर उसकी बात का पता चला तो परिवार उसे जान से मार देगा। इसलिए उसने पुलिस से गुहार लगाई है कि उसके बारे में किसी को कुछ न बताया जाए।
शुक्रवार दोपहर परिजनों ने सुजावन देव घाट पर किशोरी का अंतिम संस्कार किया। इस दौरान परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। वहीं घाट पर एहतियातन घूरपुर समेत अन्य थानों की पुलिस व पीएसी बल मौजूद रहा। थानाध्यक्ष घूरपुर दिनेश सिंह ने बताया कि शव का अंतिम संस्कार हो गया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पुलिस को मिली मदद
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला है कि हत्या से करीब एक से डेढ़ घंटे पहले सरिता ने खाना खाया था। इससे साफ है कि सरिता की हत्या सुबह पांच बजे के बाद नहीं बल्कि रात में ही हो गई थी। जबकि परिजनों ने तहरीर में बताया है कि सरिता ने रात में ही खाना खा लिया था और सुबह पांच बजे शौच के लिए निकली थी। ऐसे में पुलिस की शक की सुई परिजनों की तरफ घूम रही है।
बहन की हत्या की जानकारी होने पर मुंबई से आया भाई
सरिता का सबसे छोटा भाई मानसिक रूप से बीमार है। वह किसी से बात नहीं करता है और ज्यादातर चारपाई पर ही रहता है। वहीं सरिता से बड़ा भाई मुंबई में नौकरी करता है। बहन की हत्या की जानकारी पर वह शुक्रवार को घर आ गया। सबसे बड़ा भाई सत्यम (23) गांव में ही रहकर मजदूरी करता है।
बार-बार बयान बदलने पर गहराया शक
हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस ने परिजनों के करीबी से घंटों पूछताछ की जिसमें कई अहम सुराग मिले हैं। पुलिस ने परिजनों से भी पूछताछ की है। हालांकि बार-बार बयान बदलने पर पुलिस का शक उनपर और गहराता जा रहा है। डीसीपी यमुनानगर विवेक चंद्र यादव ने बताया कि हत्या का जल्द ही खुलासा किया जाएगा।
पिता भी सीख रहे तंत्र-मंत्र
जांच के दौरान ग्रामीणों ने बताया है कि सरिता के पिता रमेश गांव में तंत्र-मंत्र सीख रहे हैं। इसके पीछे का मकसद क्या है, पुलिस इसकी जांच कर रही है। पुलिस अफसरों का कहना है कि शनिवार को मामले का खुलासा हो सकता है।