prayagraj violence : हिंसा में पुलिस पर पथराव करने वालों में मदरसे के छात्र भी थे शामिल
बवाल के बाद खुल्दाबाद पुलिस की जांच पड़ताल में यह बात सामने आई है। इसमें बताया गया है कि नारेबाजी और पुलिस पर की गई पत्थरबाजी में सैकड़ों नाबालिग भी शामिल थे।
विस्तार
जुमे के दिन अटाला में हुए बवाल में मदरसे के छात्र भी शामिल थे। ये छात्र खुल्दाबाद स्थित दारुल उलूम मदरसा गरीब नवाज से संबंधित थे। पुलिस की जांच में यह बात सामने आई है कि उन्होंने चेहरों पर नकाब, रुमाल बांधकर पत्थरबाजी की। पुलिस अब इस बात का पता लगाने में जुटी है कि आखिर इन छात्रों को किसने भड़काया। वे लोग कौन थे, जिनके कहने पर यह मदरसे से निकलकर पत्थरबाजी में शामिल हो गए।
सूत्रों का कहना है कि बवाल के बाद खुल्दाबाद पुलिस की जांच पड़ताल में यह बात सामने आई है। इसमें बताया गया है कि नारेबाजी और पुलिस पर की गई पत्थरबाजी में सैकड़ों नाबालिग भी शामिल थे। आसपास के लोगों से पूछताछ व जांच के क्रम में यह पता चला कि हमलावरों की भीड़ में शामिलज्यादातर किशोर व बच्चे खुल्दाबाद स्थित दारुल उलूम मदरसा गरीब नवाब से संबंधित थे। इन्हें बरगलाकर और उकसाकर अटाला चौराहे तक लाया गया था।
पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि आखिर बच्चों व किशोरों को उकसाने वाला कौन था। इस संबंध में मदरसे के शिक्षकों से भी पूछताछ की तैयारी है। उनसे इस बात की जानकारी ली जाएगी कि मदरसे के छात्रों को बाहर जाने की अनुमति कैसे दी गई। कौन था जो उन्हें बाहर ले गया और उसकी मंशा क्या थी।
कबाब, पान, लस्सी व मिठाई विक्रेता भी आरोपी
खुल्दाबाद पुलिस की जांच में एक और चौंकाने वाली बात सामने आई है। पता चला है कि पुलिस पर हमला, पथराव व आगजनी करने वालों में अटाला और आसपास के क्षेत्रों के कई दुकानदार भी शामिल थे। पुलिस की ओर से जो मुकदमा दर्ज किया गया है, उसमें इस बात का जिक्र किया गया है।
बताया गया है कि मुस्तफा कॉम्पलेक्स व अटाला चौराहे के आसपास के कई दुकानदार भी बवाल में शामिल थे। इस मुकदमे में रफीक, फैजान व इमरान को भी नामजद किया गया है जो अटाला में क्रमश: पान, लस्सी व मिठाई की दुकान चलाते हैं। इसी तरह जीशान साइकिलवाले और कबाब बेचने वाले भाइयों सैफी व कैफी को भी नामजद किया गया है।