प्रयागराजः अफसरों ने गाजे-बाजे के साथ किया ‘शाही स्नान’
पुलिस की यह शोभा यात्रा मेला पुलिस आफिस से शुरू हुई तो वहीं पर होली शुरू हो गई। एडीजी एसएन साबत, कमिश्नर आशीष गोयल, आईजी मोहित अग्रवाल, डीआईजी कुंभ केपी सिंह, मेलाधिकारी विजय किरन आनंद, एसपी संगम पूर्णेंदु सिंह और एसपी मीडिया राहुल श्रीवास्तव आदि अधिकारी महामंडलेश्वरों की तरह माथे पर चंदन लगाए और माला पहनकर संगम की ओर बढ़े तो मेला ड्यूटी में आए पुलिस वाले बैंड की धुन पर नाचने लगे।
एसपी संगम पूर्णेंदु सिंह तो पूरे भगवा रंग में थे। उन्होंने फूलों की माला के साथ रुद्राक्ष की कई मालाएं पहन रखी थीं। पुलिस कर्मियों ने अफसरों को अबीर गुलाल भी लगाया। संगम पहुंचकर अधिकारियों ने स्नान किया। एसपी मीडिया राहुल श्रीवास्तव ने बताया कि विश्व का सबसे बड़ा मेला संपन्न कराने के बाद अफसरों ने मां गंगा का आशीर्वाद लिया।