प्रयागराज : तय समय से तीन महीने पहले बन जाएगा छह लेन पुल
फाफामऊ में गंगा के बहाव की दिशा बदलने से बढ़ी उम्मीदें, मार्च- 2024 के बजाय दिसंबर-2023 में हो जाएगा तैयार। मानसून से पहले धारा के बीच सभी पिलर तैयार कर लेने की योजना, निर्माण पूरा होने से जाम से मिलेगी राहत।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गंगा नदी पर मलाक हरहर से मम्फोर्डगं के बीच बनने वाला छह लेन का पुल निर्धारित समय से तीन महीने पहले पूरा हो जाएगा। काम में तेजी के साथ फाफामऊ में नदी के बहाव की दिशा बदलने से यह उम्मीद जगी है। इसे देखते हुए नदी के बीच बनने वाले सभी पिलर मानसून से पहले तैयार कर लेने की योजना बनाई गई है। मंगलवार को मंडलायुक्त ने निर्माणाधीन पुल का निरीक्षण भी किया।
संपर्क मार्ग सहित 9.90 किमी लंबे पुल का निर्माण कार्य पूरा करने के लिए पहले मार्च 2024 की समय सीमा तय की गई थी लेकिन जमीन अधिग्रहण तथा पिलर निर्माण की प्रक्रिया अपेक्षाकृत तेज गति से चल रही है। गंगा नदी की धारा में करीब 600 मीटर के बीच विशेष तरीके से 12 पिलर तैयार किए जाने हैं। तेज बहाव को देखते हुए इस क्षेत्र में काम बीच-बीच में बाधित होने की आशंका थी।
इसे देखते हुए ही मार्च-2024 तक पुल के निर्माण का लक्ष्य रखा गया लेकिन मलाक हरहर के पश्चिम तरफ गंगा में बहाव की दिशा बदल गई है। इसका नतीजा है कि पिलर वाले स्थानों पर बहाव अपेक्षाकृत कम हो गया है। ऐसे में लगातार और तेज गति से काम संभव हो सकेगा। मंडलायुक्त संजय गोयल ने सोमवार को निर्माणाधीन पुल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि बीच नदी में हर 50 मीटर की दूरी पर पिलर बनाए जाएंगे।
इसकी शुरुआत हो चुकी है। पस्थितियां अनुकूल हैं। ऐसे में इंजीनियराें का कहना है कि मानसून से पहले सभी पिलर तैयार हो जाएंगे। इसलिए निर्माण कार्य पूरा करने की अवधि तीन महीने कम कर दी गई है। कोई बाधा नहीं आई तो दिसंबर-2023 तक पुल का निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा।
600 मीटर के दायरे में केबल युक्त होगा पुल
फाफामऊ के छह लेन पुल का निर्माण भी नैनी में यमुना नदी पर बने नए पुल की तर्ज पर होगा। नदी के बहाव में आने वाले 600 मीटर के दायरे में आने वाला हिस्सा केबल पर टिका होगा। इसका प्रावधान पिलर के निर्माण के दौरान ही किया जाएगा।
पुल की खास बातें
मलाक हरहर से मम्फोर्डगंज के बीच 9.90 किमी है कुल लंबाई
19.48 अरब रुपये से ज्यादा राशि खर्च होगी निर्माण पर
फाफामऊ पुल तथा तेलियरगंज में जाम से मिलेगी राहत