प्रयागराज : शीघ्र पूरा होगा भारत के विश्वगुरु बनने का सपना - नितिन गडकरी
नितिन गडकरी ने प्रयागराज में पांच हजार करोड़ से अधिक परियोजनाओं का लोकार्पण किया। गडकरी ने डबल इंजन की सरकार दोबारा लाने का जनता से आग्रह किया। साथ ही विकास के नए सपने भी दिखाए। उन्होंने कहा कि हम इथेनॉल लेकर आए हैं। अब आने वाले समय में बाइक हो या कार सड़कों पर गाड़ियां दौड़ाने के लिए डीजल और पेट्रोल लेने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
विस्तार
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बुधवार को श्रृंगवेरपुर धाम में 104 किमी लंबे चार राष्ट्रीय राजमार्गों का लोकार्पण किया। इन राजमार्गों की लागत 5169 करोड रुपए है। गडकरी ने इसके अलावा 3000 करोड़ रुपए की लागत से इनर रिंग रोड की आधारशिला भी रखी। इस मौके पर उन्होंने कहा की पिछले 50 वर्षों में जितना काम नहीं हुआ था, उतना विकास का काम पांच वर्षों में प्रयागराज में हुआ है। इस दौरान उन्होंने ने 2000 करोड रुपये की लागत से राम जानकी मार्ग का भी शिलान्यास किया।
गडकरी ने डबल इंजन की सरकार दोबारा लाने का जनता से आग्रह किया। साथ ही विकास के नए सपने भी दिखाए। उन्होंने कहा कि हम इथेनॉल लेकर आए हैं। अब आने वाले समय में बाइक हो या कार सड़कों पर गाड़ियां दौड़ाने के लिए डीजल और पेट्रोल लेने की जरूरत नहीं पड़ेगी। अब गाड़ियां इथेनॉल से चलेंगी। इथेनॉल गन्ने से पैदा होता है। गडकरी ने इससे आगे बढ़ कर कहा कि अब पानी से हाइड्रोजन और ऑक्सीजन अलग करके ईंधन तैयार किया जाएगा।
पानी से हाईड्रोजन और ऑक्सीजन तैयार करने का कारखाना लगेगा प्रयागराज में
नितिन गडकरी ने कहा कि पानी से हाइड्रोजन और ऑक्सीजन अलग करके ईंधन तैयार करने का पहला कारखाना प्रयागराज की धरती पर लगेगा। इससे जहां हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा, वहीं विकास के नए अवसर भी सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि प्रयागराज में इस कारखाने के लगने के बाद युवाओं के हाथों को काम मिलेगा।भय, भूख और भ्रष्टाचार मुक्त भारत के निर्माण का मार्ग प्रशस्त होगा।
उन्होंने कहा कि विकास का सपना तो पूरा होगा ही आप लोगों की मदद से भारत को विश्व गुरु बनाने का सपना भी पूरा होगा। गडकरी ने कहा कि यह तो विकास का एक ट्रेलर भर है अभी पूरी पिक्चर बाकी है। उन्होंने कहा कि केशव मौर्य की बदौलत ही प्रयागराज में विकास की इतनी बड़ी सौगातें मिल पाई हैं। आने वाले समय में केशव जितना मांगेंगे उतना मैं दूंगा। नितिन गडकरी ने कहा कि आप मांगते मांगते थक जाएंगे, लेकिन मैं देने में नहीं थकूंगा। मेरी द्रोपदी की थाली है जितना खाते जाओगे उतना ही बढ़ता जाएगा कम नहीं होगा।