एयरपोर्ट : प्रयागराज का लखनऊ से हो गया सीधा हवाई संपर्क, पहले दिन 120 यात्रियों ने किया सफर
एयरपोर्ट पर लखनऊ फ्लाइट आगमन के पूर्व सांसद केशरी देवी पटेल ने केक भी काटा। उन्होंने कहा कि प्रयागराज का अब देश के कई महानगरों से सीधा हवाई संपर्क हो गया है। सांसद ने कहा कि पीएम ने जब उड़ान योजना शुरू की थी, तब उन्होंने यही कहा था कि हवाई चप्पल पहनने वाला व्यक्ति भी हवाई सफर करे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
लखनऊ से प्रयागराज का सीधा हवाई संपर्क रविवार को एक बार फिर से हो गया। निजी विमानन कंपनी इंडिगो द्वारा लखनऊ से प्रयागराज के बीच सीधी फ्लाइट की शुरूआत की गई है। प्रयागराज एयरपोर्ट पर लखनऊ से सुबह 8.18 बजे पहुंची फ्लाइट के यात्रियों का स्वागत सांसद फूलपुर केशरी देवी पटेल ने किया। पहले दिन इस फ्लाइट से कुल 120 यात्रियों की आवाजाही हुई।
एयरपोर्ट पर लखनऊ फ्लाइट आगमन के पूर्व सांसद केशरी देवी पटेल ने केक भी काटा। उन्होंने कहा कि प्रयागराज का अब देश के कई महानगरों से सीधा हवाई संपर्क हो गया है। सांसद ने कहा कि पीएम ने जब उड़ान योजना शुरू की थी, तब उन्होंने यही कहा था कि हवाई चप्पल पहनने वाला व्यक्ति भी हवाई सफर करे। सांसद ने एयरपोर्ट के विकास के लिए हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया। उधर, लखनऊ से सुबह 7.29 बजे चलने के बाद 8.18 बजे फ्लाइट ने एयरपोर्ट पर लैंड किया।
इस दौरान सांसद ने लखनऊ से आने वाले हर एक यात्री का स्वागत किया। एटीआर श्रेणी के 72 सीट वाले विमान से पहले दिन लखनऊ से कुल 64 यात्री प्रयागराज आए। बाद में प्रयागराज से यह फ्लाइट देहरादून गई। वहां से वापस आने के बाद गोरखपुर और फिर यहां आने के बाद शाम 4.13 बजे लखनऊ के उड़ी।
लखनऊ के पहले सफर में प्रयागराज से कुल 56 यात्रियों ने उड़ान भरी। इस दौरान एयरपोर्ट प्रांगण में खूबसूरत रंगोली बनाई गई। इस अवसर पर एयरपोर्ट के कार्यवाहक निदेशक अनामी पांडेय, स्टेशन मैनेजर इंडिगो चंद्रकांत, श्याम कार्तिंक सिंह आदि मौजूद रहे। उधर नागपुर के लिए प्रयागराज से रविवार को ही दो कनेक्टिंग फ्लाइट वाया लखनऊ और इंदौर शुरू हो गई।
महज 41 मिनट में लखनऊ पहुंच गई फ्लाइट
प्रयागराज से लखनऊ जाने वाला विमान अपने पहले सफर में महज 41 मिनट में ही वहां पहुंच गया। यहां से इसकी रवानगी शाम 4.13 बजे हुई जो 4.54 बजे ही लखनऊ लैंड कर गया। इसके पूर्व लखनऊ से प्रयागराज पहुंचने में सुबह इस फ्लाइट ने 49 मिनट का ही वक्त लिया।
बता दें कि अप्रैल 2019 तक प्रयागराज से लखनऊ के लिए जेट एयरवेज का विमान संचालित था। तब यह उड़ान सप्ताह में तीन दिन ही थी। लेकिन किन्हीं कारणों से तब यह विमानसेवा बंद कर दी गई थी। इसके बाद से लगातार यात्री लखनऊ के लिए सीधी उड़ान की मांग कर रहे थे। फिलहाल उड़ान योजना के तहत लखनऊ के लिए एक बार फिर से हवाई सेवा शुरू हो गई।
एयरपोर्ट मेें पहली बार एक दिन में 26 विमानों का हुआ आवागमन
प्रयागराज एयरपोर्ट के खाते में रविवार का एक और उपलब्धि दर्ज हो गई। एयरपोर्ट के नए टर्मिनल के निर्माण के बाद रविवार को पहली बार यहां 26 यात्री विमानों की आवाजाही हुई। इसके पूर्व यहां सर्वाधिक 24 यात्री विमानों की ही आवाजाही हो सकी है।
प्रयागराज एयरपोर्ट का नया टर्मिनल यात्रियों के लिए एक जनवरी 2019 को खोला गया था। तब से अब तक कुल 38 माह केे बाद रविवार 27 मार्च को पहली बार 26 विमानों का आवागमन हुआ।
इस दौरान रविवार को निजी विमानन कंपनी इंडिगो द्वारा दिल्ली, बंगलुरु, पुणे, मुंबई, भुवनेश्वर, रायपुर, भोपाल, इंदौर, गोरखपुर, देहरादून और लखनऊ एवं एलाइंस एयर द्वारा संचालित दिल्ली एवं बिलासपुर फ्लाइट की आवाजाही हुई। रविवार को इन विमानों से 2251 यात्रियों की आवाजाही हुई। यहां आने वाले की संख्या 1054 एवं जाने वाले यात्रियों की संख्या 1197 रही।