Prayagraj : पिटाई से आक्रोशित डाक कर्मचारी हड़ताल पर, वकीलों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
मामला शनिवार दोपहर का है। रामबाग निवासी महिला अधिवक्ता रजिस्ट्री कराने डाकघर पहुंचीं थी। इसी दौरान उनका काउंटर पर बैठे कर्मचारी सज्जन सिंह से विवाद हो गया। जानकारी पर महिला के अधिवक्ता पति व उनके कुछ साथी पहुंच गए, जिस पर वहां मारपीट होने लगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सुरक्षा की मांग को लेकर सोमवार को मंडल के सभी डाकघर कर्मचारी हड़ताल पर रहे। इस दौरान कर्मचारियों ने महिला अधिवक्ता पर कार्रवाई किए जाने को लेकर अड़े रहे। डाककर्मियों ने चेताया कि जब तक उनकी मांग पर ठोस कार्रवाई नहीं की जाती, वह कार्य बहिष्कार जारी रखेंगे। डाककर्मियों की हड़ताल के कारण लोगों को बैरंग वापस लौटना पड़ा।
महिला वकील व डाककर्मियों के बीच हुए विवाद के दो दिन बाद सोमवार को मंडल के सभी डाकघरों को बंद कर कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार किया। भारतीय डाक कर्मचारी यूनियन, नेशनल फेडरेशन ऑफ पोस्टल एंपलाइज व नेशनल यूनियन के आह्वान पर प्रधान डाकघर के कर्मचारियों ने कार्यालय के सामने प्रदर्शन करते हुए महिला अधिवक्ता का पंजीकरण निरस्त करने व घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर कार्रवाई किए जाने की मांग की।
तीनों संगठनों के नेताओं ने विरोध-प्रदर्शन के दौरान आरोप लगाया कि कचहरी स्थित डाकघर में वकीलों की वजह से हमेशा दहशत बनी रहती है। इसलिए कचहरी डाकघर को दूसरी जगह शिफ्ट किया जाए। तीनों संगठनों के नेताओं ने पांच सूत्रीय ज्ञापन प्रवर अधीक्षक डाक को सौंपते हुए कर्मचारियों को तुरंत सुरक्षा मुहैया कराए जाने की मांग की। उन्होंने चेताया कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं की जाती वह कार्य बहिष्कार जारी रखेंगे। इस दौरान चंद्रदत्त शुक्ला, राजमणि तिवारी, मनोज यादव , मो. सलवात अब्बास, सुनील तिवारी , शैल बाला यादव , सज्जन कुमार आदि डाककर्मी मौजूद रहे।
ऐसी घटनाओं से कर्मचारियों का मनोबल कमजोर होता है। कोई भी कर्मचारी जनता से विवाद करने नहीं आता। कर्मचारियों के लिए भी नियम-कानून होते हैं। -राजेश श्रीवास्तव, सीनियर पोस्ट मास्टर
डाककर्मियों को सुरक्षा प्रदान किया जाए। इस प्रकार से डाककर्मियोें के साथ आए दिन अभद्रता होती रहती है। ऐसे चलता रहा तो कर्मचारी कैसे काम कर पाएंगे। - राजेश वर्मा, पीआआई
ग्राहकों को हुई परेशानी
डाकघरों में हड़ताल से ग्राहकों को परेशानी का सामना पड़ा। दूर-दराज से आए ग्राहकों को बैरंग लौटना पड़ा। फाफामऊ से प्रधानडाक घर आईं पद्यमिनी को पैसा जमा करना था, लेकिन हड़ताल के कारण उन्हें वापस जाना पड़ा। चाका ब्लाक से पीएलआई जमा करने आईं अनीता ने बताया कि हड़ताल की जानकारी नहीं होने के कारण इस ठंड में बिना काम पूरा हुए वापस जाना पड़ रहा है। इसी क्रम में कचहरी स्थित डाकघर में स्पीड पोस्ट कराने आए उत्तम वर्मा को भी बैरंग वापस होना पड़ा।