Prayagraj : दारागंज में आलू व्यापारी की गोली मारकर हत्या, थाने से 200 मीटर दूर हुई घटना
मुंडेरा मंडी से पिकअप पर आलू लदवा कर दारागंज में दशाश्वमेध मंदिर के पास स्थित दुकान पर पहुंचे व्यापारी श्याम जी केसरवानी 38) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। सचना पाकर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
विस्तार
दारागंज थाने के पास सब्जी व्यापारी श्यामजी केशरवानी (38) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात सुबह छह बजे तब हुई जब वह मंडी से आलू लेकर दुकान पर पहुंचा था। परिजनों ने पूर्व के विवाद को लेकर पड़ोसी दुकानदार के बेटे को नामजद किया है। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। श्यामजी इसीपुर मलावा, झूंसी का रहने वाला था। वह दारागंज में गंगामूर्ति चौराहे के पास आलू का थोक व्यवसाय करता था। रोज की तरह सोमवार भोर में वह रिश्तेदार राजकुमार व पल्लेदार पवन के साथ दुकान के पास आलू लेकर दुकान के पास पहुंचा।
राजकुमार व पवन पिकअप से आलू की बोरियां उतारने लगे और श्यामजी गाड़ी में ही ड्राइवर के बगल वाली सीट पर बैठ गया। राजकुमार ने बताया कि कुछ देर बाद अचानक पटाखा फूटने जैसी आवाज आई। उसने श्याम जी को आवाज दी लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इस पर उसने पवन से कहा कि वह देखे कि श्यामजी जवाब क्यों नहीं दे रहे हैं। पवन पहुंचा तो श्यामजी को खून से लथपथ देख चीखने लगा। गाड़ी से उतरकर वह पहुंचा तो देखा कि श्यामजी के कनपटी में बांई ओर गोली लगी है। वह भागकर थाने पहुंचा और पुलिसकर्मियों को जानकारी दी।
पुलिस मौके पर पहुंची और उसे एसआरएन अस्पताल ले गई। लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर मृतक के बड़े भाई रामजी व अन्य परिजन भी आ गए। जांच पड़ताल के बाद शव को मर्चरी भेजवा दिया।
प्रयागराज-जौनपुर हाईवे किया जाम
पोस्टमार्टम के बाद शाम 4.30 बजे के करीब परिजनों ने ईसीपुर मलावा स्थित घर के सामने शव रखकर प्रयागराज-जौनपुर हाईवे जाम कर दिया। सूचना पर झूंसी पुलिस मौके पर पहुंच गई। परिजन मुआवजा व आरोपी की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। पुलिस ने समझाया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ जारी है। मुआवजे के संबंध में आश्वासन दिया गया कि जो भी संभव मदद होगी, वह दिलाई जाएगी। इसके बाद परिजन शांत हुए और शव अंतिम संस्कार के लिए ले गए। इस दौरान करीब आधे घंटे तक यातायात प्रभावित हुआ।
थाने से 200 मीटर दूर वारदात
घटना को लेकर दारागंज पुलिस पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। जिस जगह वारदात हुई, वह थाने से 200 मीटर दूरी पर स्थित है। नए साल के उपलक्ष्य में पुलिस अलर्ट मोड पर है। फिर यह कैसे हुआ कि एक व्यक्ति असलहा लेकर थाने के आसपास घूमता रहा और वारदात को अंजाम देने के बाद निकल भी भागा। उधर मृतक के घर में कोहराम मचा रहा। परिवार में पत्नी के अलावा 14 साल की बेटी खुशी व 10 साल का बेटा समर है। वह चार भाइयों में दूसरे नंबर पर था।
फिलहाल तहरीर के आधार पर नामजद मुकदमा दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। - संतोष कुमार मीणा, डीसीपी नगर