गले में 72 घंटे तक फंसा रहा आलू : युवक की आवाज हो गई बंद, चिकित्सकों ने ऑपरेशन कर बचाई जान
नैनी निवासी शिवम हर मंगलवार को व्रत रहता है। इस मंगल को भी वह व्रत था। फलाहारी में एक आलू खड़ा ही रह गया। उबला आलू का फलाहार करते समय आलू सरक कर गले के अंदर चला गया। जिसके बाद उसको दर्द शुरू हो गया।
विस्तार
फलाहार करते समय जल्दबाजी में आलू निगल लेने से एक युवक की स्थिति गंभीर हो गई। आलू गले में जाकर फंस जाने के कारण युवक की स्थिति खराब होती चली गई। चिकित्सकों ने ऑपरेशन करके किसी तरह से युवक के गले में फंसे आलू को निकला। इसके बाद उसकी जान बच सकी।
नैनी निवासी शिवम यादव (18) हर मंगलवार को व्रत रहता है। इस मंगलवार को भी वह व्रत था। फलाहारी में एक आलू खड़ा ही रह गया। उबला आलू का फलाहार करते समय आलू सरक कर गले के अंदर चला गया। जिसके बाद उसको दर्द शुरू हो गया। काफी प्रयास के बाद भी उसको राहत नहीं मिली। इसके बाद उसे उपचार के लिए उसे सिविल लाइंस स्थित शांति विलास हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। ईएनटी सर्जन डॉ. अजय शुक्ला ने अपनी टीम के साथ ऑपरेशन करके शिवम के गले से खड़ा आलू निकाला। अब शिवम पूरी तरह से स्वस्थ है। डॉ. शुक्ला ने बताया कि उसे दो तीन दिन में अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी।
एक्सरे में नहीं दिख रहा था आलू
डॉ. शुक्ला ने बताया कि एक्सरे में शिवम के गले में फंसा आलू नहीं दिख रहा था। शिवम की हालत बिगड़ी जा रही थी और उसके मुंह से लगातार लार निकल रहा था। एक्सरे से आलू का पता न चलने पर गैस्ट्रोइंट्रोलाजिस्ट की मदद से उसके गले की जांच की गई। इसके बाद खाने की नली में कुछ फंसा दिखाई पड़ा। ऑपरेशन के दौरान गोला और चिकना होने से आलू पकड़ में नहीं आ रहा था। लेप्रोस्कोपिक फोर्सेप की मदद से आलू को बाहर निकाला गया।