प्रयागराज : सरेशाम दरोगा पर हमला, कार में अगवा करने का प्रयास, तीन दिन बाद भी नहीं दर्ज हुई रिपोर्ट
तेलियरगंज में एमएनएनआईटी के पास ट्रैफिक दरोगा ओमकार यादव पर सरेशाम हमला किया गया। कारसवार दबंगों ने उसे पीटा और फिर गाड़ी में खींचकर अगवा करने की कोशिश भी की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
तेलियरगंज में एमएनएनआईटी के पास ट्रैफिक दरोगा ओमकार यादव पर सरेशाम हमला किया गया। कारसवार दबंगों ने उसे पीटा और फिर गाड़ी में खींचकर अगवा करने की कोशिश भी की। किसी तरह जान बचाकर दरोगा ने सूचना दी तो हमलावरों ने अपने साथियों को बुला लिया। इसके बाद धक्कामुक्की करते हुए भाग निकले। फिलहाल रिपोर्ट नहीं दर्ज की जा सकी है। घटना बुधवार शाम की है। दरोगा ओमकार एमएनएनआईटी के पास यातायात ड्यूटी में तैनात थे। इसी दौरान एक बिना नंबर की कार आती दिखाई दी।
चालक खतरनाक तरीके से कार चला रहा था। रुकने का इशारा करने पर वह कार लेकर भागने लगा तो दरोगा ने सामने आकर रोकने की कोशिश की। इस पर पहले तो उसने दरोगा को कुचलने का प्रयास किया। किसी तरह बचकर दरोगा चालक की सीट के पास पहुंचा और दरवाजा खोलने को कहा तो चालक व कार में बैठे उसके साथियों ने हमला बोल दिया। उसे गाड़ी के भीतर खींच लिया और भागने का प्रयास किया।
हालांकि किसी तरह उनसे बचकर दरोगा गाड़ी से नीचे उतरे और फिर थाने में सूचना दी। थाने की फोर्स मौके पर पहुंची लेकिन तब तक हमलावरों ने अपने 100 से ज्यादा साथियों को बुला लिया था। जिन्होंने पुलिसकर्मियाें से नोकझोंक शुरू कर दी। कुछ देर बाद गालीगलौज, धक्कामुक्की करते हुए भाग निकले। पुलिसकर्मियों के जानकारी देने पर थाने से और फोर्स आ गई लेकिन तब तक हमलावर भाग चुके थे। इसके बाद दरोगा ने थाने में तहरीर दी। हालांकि शुक्रवार देर रात तक एफआईआर नहीं दर्ज की गई थी।ऐसी किसी घटना की जानकारी नहीं है।
तहरीर मिली है तो मुकदमा लिखकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। - संतोष कुमार मीना, पुलिस उपायुक्त नगर
कुछ दूर पर लगा है सीसीटीवी कैमरा, फुटेज से गिरफ्त में आएंगे हमलावर
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटनास्थल के पास ही सीसीटीवी कैमरा लगा है। यह भी तय है कि हमलावर युवकों की तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई होगी। फुटेज की जांच हो तो हमलावर पकड़ में आ सकते हैं। उधर सूत्रों का कहना है कि हमलावर युवक स्थानीय ही थे। इनमें से एक पुलिस के लिए मुखबिरी भी करता है। यही वजह है कि वह और उसके साथी इस कदर बेखौफ थे कि उन्होंने दरोगा को भी नहीं बख्शा।
घर में घुसकर युवती से छेड़खानी, पड़ोसी नामजद
करेली में घर में घुसकर युवती से छेड़खानी की गई। युवती का आरोप है कि शुक्रवार को वह घर में अकेली थी। इसी दौरान पड़ोस का रामचंद्र भारतीय घर में घुस आया और उससे छेड़खानी करने लगा। उसने शोर मचाया तो भाई आ गया और फिर आसपास के लोग भी जुट गए। इसके बाद आरोपी की जमकर पिटाई की गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। करेली इंस्पेक्टर रामाश्रय यादव ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।