PM Modi : पीएम ने संगम भ्रमण के दौरान महाकुंभ आयोजन की ली जानकारी, संतों-श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर की चर्चा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को स्नान के साथ संगम भ्रमण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री को महाकुंभ आयोजन, इसके विस्तार और संतों व श्रद्धालुओं को दी जाने वाली सुविधाओं की जानकारी दी।
विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को स्नान के साथ संगम भ्रमण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री को महाकुंभ आयोजन, इसके विस्तार और संतों व श्रद्धालुओं को दी जाने वाली सुविधाओं की जानकारी दी। अरैल से संगम आते और जाते समय मोटर बोट पर प्रधानमंत्री के साथ मुख्यमंत्री मौजूद रहे। इस दौरान दोनों नेता काफी गंभीर दिखे। बीच-बीच में मुख्यमंत्री संगम के अलग-अलग हिस्सों की ओर इशारा करते रहे। इस दौरान प्रधानमंत्री महाकुंभ में की गईं व्यवस्थाओं और श्रद्धालुओं को दी जा रहीं सुविधाओं के विषय में सीएम योगी से जानकारी लेते हुए भी दिखाई दिए।
रुद्राक्ष की माला से किया जाप
संगम स्नान और मोटर बोट से भ्रमण के दौरान प्रधानमंत्री ने रुद्राक्ष की माला से जाप किया। 2019 कुंभ में पीएम ने अक्षयवट, सरस्वती कूप, हनुमान मंदिर में भी दर्शन किया था। उस समय प्रधानमंत्री ने पूरे साल के लिए अक्षयवट आम श्रद्धालुओं के लिए खोले जाने की घोषणा की थी। इसके अलावा सफाई कर्मियों के पांव पखारकर पूरी दुनिया को स्वच्छता और समरसता का संदेश दिया था।
इस बार भी कुछ इसी तरह का कार्यक्रम तैयार किया गया था। प्रधानमंत्री का संगम स्नान और पूजन के बाद अक्षयवट, सरस्वती कूप, पातालपुरी और हनुमान मंदिर में दर्शन-पूजन का कार्यक्रम प्रस्तावित था। इसके अलावा कला ग्राम, स्टेट पवेलियन के अवलोकन के साथ नेत्र कुंभ के आयोजन में शामिल होने का कार्यक्रम भी प्रस्तावित था, लेकिन वह संगम स्नान के बाद रवाना हो गए।
नहीं रही रोकटोक, श्रद्धालु भी संगम में लगाते रहे डुबकी
प्रधानमंत्री के त्रिवेणी स्नान के दौरान संगम और अन्य घाटों पर किसी तरह की रोकटोक नहीं रही। प्रधानमंत्री ने गंगा और यमुना के संगम स्थल पर तैयार विशेष जेटी पर स्नान किया तो उसी दौरान स्नानार्थियों ने संगम घाट पर डुबकी लगाई। इस दौरान स्नानार्थियों में खासा उत्साह रहा। वहीं, प्रधानमंत्री ने भी हाथ हिलाकर उनका अभिवादन किया।
प्रधानमंत्री के स्नान के लिए गंगा नदी की धारा के बीच जेटी तैयार की गई थी। यहीं बने घाट पर उन्होंने स्नान किया। प्रधानमंत्री अरैल से बोट से स्नान स्थल तक पहुंचे। इस दौरान अरैल घाट के अलावा दोनों नदियों की धारा में दूर तक सुरक्षा घेरा बनाया गया था। इसके मद्देनजर नावों का आवागमन भी रोक दिया गया था, लेकिन संगम और आसपास के घाटों पर स्नान जारी रहा।
इस तरह से प्रधानमंत्री से कुछ दूरी पर ही श्रद्धालु भी डुबकी लगाते रहे। इस दौरान स्नानार्थियों में खासा उत्साह दिखा। संगम नोज घाट से स्नानार्थी जल्दी जाने के लिए तैयार नहीं थे। ऐसे में सुरक्षा कर्मियों को बार-बार अपील करनी पड़ी। इसके अलावा आसपास के घाटों पर भी प्रधानमंत्री की झलक पाने के लिए लोग रुके रहे। इस दौरान स्नानार्थी लगातार नारेबाजी भी करते रहे। प्रधानमंत्री ने भी हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन किया।
प्रधानमंत्री ने मां गंगा के प्रति प्रकट की आस्था, बोले- आशीर्वाद पाकर मिली शांति
संगम स्नान और पूजन के बाद प्रधानमंत्री ने त्रिवेणी के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया कि प्रयागराज महाकुंभ में आज पवित्र संगम में स्नान के बाद पूजा-अर्चना का परम सौभाग्य मिला। मां गंगा का आशीर्वाद पाकर मन को असीम शांति और संतोष मिला है। समस्त देशवासियों की सुख-समृद्धि, आरोग्य और कल्याण की कामना की है... हर-हर गंगे। एक पोस्ट के माध्यम से उन्होंने संगम स्नान और पूजन के फोटो भी साझा किए।