Phulpur By Election : यादव या कुर्मी प्रत्याशी पर दांव लगा सकती है सपा, जीत के लिए पूरी ताकत झोंकी
फूलपुर विधानसभा का उपचुनाव 15 दिसंबर 24 के पहले होना तय है। सपा के तमाम नेता इस सीट पर लगातार सक्रिय है। बीते लोकसभा चुनाव में प्रदेश में भाजपा को बड़ा झटका लगा था। ऐसे में भाजपा 10 सीटों पर होने वाले विधानसभा उपचुनाव में जीत हासिल कर नुकसान की भरपाई करना चाहती है।
विस्तार
विधानसभा उपचुनाव की रणभेरी भले ही अभी नहीं बजी है, लेकिन चुनावी कुरुक्षेत्र सजना शुरू हो गया है। फूलपुर लोकसभा की फूलपुर विधानसभा चुनाव में मिले अच्छे मत से उत्साही सपाई इसे अब अपना मजबूत दुर्ग बता रहे हैं। वहीं, भाजपा इसे ढहाने के लिए पूरी जोर आजमाइश कर रही है। सपा केे प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल लगातार फूलपुर विधानसभा में आकर तमाम कार्यक्रमों में शिरकत भी कर रहे हैं।
फूलपुर विधानसभा का उपचुनाव 15 दिसंबर 24 के पहले होना तय है। सपा के तमाम नेता इस सीट पर लगातार सक्रिय है। बीते लोकसभा चुनाव में प्रदेश में भाजपा को बड़ा झटका लगा था। ऐसे में भाजपा 10 सीटों पर होने वाले विधानसभा उपचुनाव में जीत हासिल कर नुकसान की भरपाई करना चाहती है। इन 10 सीटों में प्रयागराज की फूलपुर सीट को लेकर पूरी ताकत झोंकी जा रही है।
लोकसभा चुनाव में सपा प्रत्याशी अमरनाथ मौर्य ने फूलपुर विधानसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी प्रवीण पटेल को शिकस्त दी थी। 17 हजार से ज्यादा की लीड होने के बाद सपा इससे बेहतर प्रदर्शन उपचुनाव में करना चाह रही है। चर्चा है कि सपा भी इस सीट से कुर्मी प्रत्याशी को मैदान में उतार सकती है। सपा इसके पूर्व 2012 में भी यह सीट जीत चुकी है।
2002 के चुनाव में फूलपुर विधानसभा क्षेत्र का नाम झूंसी था। तब सपा प्रत्याशी विजमा यादव यहां से चुनाव जीती थी। इस बार सपा कुर्मी या यादव में से किसी को यहां से अपना प्रत्याशी बना सकती है। सपा मीडिया प्रभारी दान बहादुर का कहना है कि पार्टी जिसे भी अपना प्रत्याशी बनाएगी, उसकी जीत यहां सुनिश्चित है।
फूलपुर सीट पर दावेदारी के लिए कांग्रेस की कवायद तेज
कांग्रेस ने उपचुनाव में गठबंधन के तहत फूलपुर सीट के लिए अपनी दावेदारी तेज कर दी है। राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्वी जोन के प्रभारी ने बृहस्पतिवार को फिर बैठक कर चुनाव की तैयारियों पर चर्चा की। उन्होंने कांग्रेस से टिकट के लिए आवेदन करने वाले नेताओं से भी मुलाकात की।
राजेश तिवारी ने 12 अगस्त को फूलपुर विधानसभा क्षेत्र में बैठक कर चुनाव की तैयारियों पर चर्चा की थी। उस बैठक में स्पष्ट दावा किया था कि प्रदेश की 10 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होने हैं। इनमें से पांच पर पूर्व में सपा के विधायक रहे हैं। इन सीटों को छोड़कर अन्य पांच सीटों पर कांग्रेस चुनाव लड़ेगी। उनका कहना था कि इनमें भी फूलपुर उनकी परंपरागत सीट है। इसलिए यह उनकी प्राथमिकता में है।
इन नेताओं के नाम की चर्चा
इसी क्रम में फूलपुर विधानसभा क्षेत्र में ही बृहस्पतिवार को बैठककर उन्होंने इस दावेदारी को और मजबूत की। उन्होंने गंगापार जिला के पदाधिकारियों, मंडल एवं न्याय पंचायत स्तर के पदाधिकारियों संग बैठक में फिर इस दावेदारी को दोहराया और कार्यकर्ताओं से अभी से चुनाव की तैयारी में अभियान के तौर पर जुट जाने की अपील की। उन्होंने कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी भी तय की।
कांग्रेस से टिकट के लिए कई नेताओं ने आवेदन भी कर दिया है। आवेदन करने वालों में गंगापार के अध्यक्ष सुरेश यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष मनीष मिश्रा, संजय तिवारी, जितेश मिश्रा, रईश अहमद, छोटेलाल पटेल, रामकिशुन पटेल, राजेश्वरी पटेल, एहतेशाम अहमद, संदीप रंजन आदि नाम शामिल हैं। राष्ट्रीय सचिव ने आवेदकों से अलग-अलग बात भी की।
घर-घर संपर्क करें कार्यकर्ता
राष्ट्रीय सचिव राजेश तिवारी ने अलग-अलग बैठकों में कार्यकर्ताओं से फूलपुर विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की। फूलपुर विधानसभा के अंतर्गत अंदावा में हुई बैठक में उन्होंने वरिष्ठ नेताओं के अलावा गंगापार के पदाधिकारियों, मंडल एवं न्याय पंचायत स्तर के पदाधिकारियों संग बैठक में चुनाव की रणनीति पर चर्चा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर संपर्क करने और जीत सुनिश्चित करने की अपील की। बैठक में चुनाव लड़ने के आवेदकों के अलावा प्रदेश महासचिव मुकुंद तिवारी, विवेकानंद पाठक, हसीब अहमद, किशोर वार्ष्णेय, हरिकेश त्रिपाठी आदि शामिल रहे।
राष्ट्रीय सचिव ने फूलपुर विधानसभा के अंतर्गत आने वाले शहरी क्षेत्र झूंसी के वार्ड प्रभारियों के साथ भी अलग से बैठक की। उन्होंने उपचुनाव की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की। इससे पहले राष्ट्रीय सचिव एवं जोन प्रभारी का दायित्व फिर से मिलने पर कार्यकर्ताओं ने राजेश तिवारी का स्वागत भी किया। इस मौके पर मनीष मिश्रा, उज्जवल शुक्ला, विनय पांडेय आदि मौजूद रहे।
राजेश तिवारी ने युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं संग भी सर्किट हाउस में वार्ता की तथा चुनाव की तैयारी में जुटने की अपील की।इससे कार्यकर्ताओं ने राजेश तिवारी का स्वागत किया। स्वागत करने वालों में जितेश मिश्रा, विकास, ओम प्रकाश, देवधर आदि मौजूद रहे।
कांग्रेस संगठन में बदलाव की तैयारी
प्रयागराज। कांग्रेस के जिला एवं शहर इकाई में जल्द ही परिवर्तन होगा। प्रयागराज आए राजेश तिवारी ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर नए सिरे से पार्टी का गठन किया गया है। इसी क्रम में अब प्रदेश तथा जिला एवं शहर इकाई का भी गठन किया जाएगा। राजेश तिवारी की इस घोषणा के बाद संगठन के महत्वपूर्ण पदों के लिए दावेदारी भी शुरू हो गई है।