{"_id":"6b0ac2841bb4c1f3080699cc","slug":"ownership-rights-cannot-be-acquired-through-a-family-settlement-involving-the-division-of-acquired-land-2026-11-28","type":"story","status":"publish","title_hn":"प्रयागराज : अधिग्रहीत जमीन का बंटवारा कर पारिवारिक समझौते से नहीं हासिल कर सकते मालिकाना हक","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
प्रयागराज : अधिग्रहीत जमीन का बंटवारा कर पारिवारिक समझौते से नहीं हासिल कर सकते मालिकाना हक
Sat, 28 Nov 2026 05:31 PM IST
विनोद सिंह
अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज
अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज
Published by: विनोद सिंह
Updated Sat, 28 Nov 2026 05:31 PM IST
सार
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने कहा है कि अधिग्रहीत हो चुकी जमीन का बाद में बंटवारा कर पारिवारिक समझौते के आधार पर मालिकाना हक हासिल नहीं किया जा सकता।
विज्ञापन
अदालत का फैसला।
- फोटो : अमर उजाला।
विस्तार
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने कहा है कि अधिग्रहीत हो चुकी जमीन का बाद में बंटवारा कर पारिवारिक समझौते के आधार पर मालिकाना हक हासिल नहीं किया जा सकता। जब जमीन का अधिग्रहण पूरा हो चुका हो और मूल भूमिधर का नाम राजस्व अभिलेखों से हटाया जा चुका हो तो उसके पास जमीन का कोई अधिकार शेष नहीं रहता। ऐसे में वह किसी दूसरे व्यक्ति को जमीन का अधिकार नहीं दे सकता।
विज्ञापन
कोर्ट ने यह टिप्पणी गाजियाबाद में हाईटेक टाउनशिप के लिए अधिग्रहीत जमीन पर बेटे की ओर से किए गए दावे को खारिज करते हुए की। यह आदेश न्यायमूर्ति सिद्धार्थ वर्मा और न्यायमूर्ति कुनाल रवि सिंह की खंडपीठ ने अजय कुमार शर्मा की याचिका पर दिया। याची ने गाजियाबाद के गांव नैफल स्थित जमीन के अधिग्रहण को चुनौती दी थी।
विज्ञापन
उसका कहना था कि वर्ष 2018 में हुए पारिवारिक समझौते के तहत उसे और उसके भाई को जमीन में बराबर हिस्सा मिला था। इसलिए अधिग्रहण की कार्यवाही समाप्त घोषित कर राजस्व अभिलेखों में उसका नाम दर्ज किया जाए। कोर्ट ने पक्षों को सुनने के बाद राजस्व अभिलेखों का परीक्षण करने पर पाया कि याची की मां देवकी का हिस्सा वर्ष 2010 में ही अधिग्रहीत कर लिया गया था।
विज्ञापन
13 सितंबर 2010 को राजस्व अभिलेखों से उनका नाम हटाकर विकास प्राधिकरण का नाम दर्ज कर दिया गया था। इसके बाद वर्ष 2012 में दाखिल बंटवारे के मुकदमे में इस तथ्य पर ध्यान नहीं दिया गया। कोर्ट ने कहा कि जब याची की मां का जमीन पर अधिकार ही समाप्त हो चुका था तो वह वर्ष 2018 के पारिवारिक समझौते से बेटे को कोई अधिकार नहीं दे सकती थीं।
खंडपीठ ने यह भी स्पष्ट किया कि राजस्व अभिलेखों में गलत प्रविष्टियों से कोई नया अधिकार पैदा नहीं होता। अधिग्रहण समाप्त होने का लाभ केवल वास्तविक भूमिधर ही मांग सकता है। कोर्ट ने याचिका खारिज कर दी, हालांकि स्पष्ट किया कि याची की मां अधिग्रहीत जमीन के बदले कानून के अनुसार निर्धारित मुआवजा पाने की हकदार रहेंगी।
