{"_id":"6ab10bd9495d7dd0fe097aa1","slug":"order-to-train-police-and-prosecution-officials-in-forensic-science-2026-09-21","type":"story","status":"publish","title_hn":"हाईकोर्ट : फॉरेंसिक विज्ञान में पुलिस और अभियोजन अधिकारियों को प्रशिक्षण देने का आदेश","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
हाईकोर्ट : फॉरेंसिक विज्ञान में पुलिस और अभियोजन अधिकारियों को प्रशिक्षण देने का आदेश
Mon, 21 Sep 2026 04:20 PM IST
विनोद सिंह
अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज
अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज
Published by: विनोद सिंह
Updated Mon, 21 Sep 2026 04:20 PM IST
सार
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने आपराधिक न्याय व्यवस्था में तकनीकी सुधारों और फॉरेंसिक विज्ञान के बेहतर इस्तेमाल को लेकर पुलिस व अभियोजन अधिकारियों को नियमित प्रशिक्षण का आदेश दिया है।
विज्ञापन
इलाहाबाद हाईकोर्ट।
- फोटो : अमर उजाला।
विस्तार
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने आपराधिक न्याय व्यवस्था में तकनीकी सुधारों और फॉरेंसिक विज्ञान के बेहतर इस्तेमाल को लेकर पुलिस व अभियोजन अधिकारियों को नियमित प्रशिक्षण का आदेश दिया है। यह आदेश न्यायमूर्ति अरुण कुमार सिंह देशवाल की एकल पीठ ने ललितपुर की आतिश उर्फ कृष्णकांत की जमानत याचिका पर दिया।
विज्ञापन
एनआईसी नई दिल्ली के डिप्टी डायरेक्टर जनरल शशि कांत शर्मा और यूपी के अपर पुलिस महानिदेशक (टेक्निकल) वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कोर्ट में पेश हुए। उन्होंने बताया कि चार्जशीट के सर्किल अधिकारी की ओर से सत्यापन का विकल्प जोड़ा गया है। मेडलीएपीआर (मेडिको-लीगल एग्जामिनेशन एंड पोस्टमार्टम रिपोर्टिंग सिस्टम) और ई-फॉरेंसिक लैब रिपोर्ट तक पहुंच की व्यवस्था पर काम चल रहा है। पोस्टमार्टम, यौन उत्पीड़न और चोट संबंधी रिपोर्ट अब सीसीटीएनएस के माध्यम से पुलिस को सीधे उपलब्ध कराई जा रही है।
विज्ञापन
कोर्ट ने शाहजहांपुर के तिलहर थाने में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू की गई पुलिस केस डायरी तक न्यायालय की पूर्ण ऑनलाइन पहुंच की व्यवस्था को पूरे प्रदेश में लागू करने का आदेश दिया। कोर्ट ने कहा कि फॉरेंसिक विज्ञान की पर्याप्त जानकारी के अभाव में सरकारी वकील मामलों में प्रभावी सहयोग नहीं कर पाते हैं।
विज्ञापन
कोर्ट ने फॉरेंसिक विज्ञान पर कार्यशालाएं आयोजित करने के लिए प्रयागराज के तत्कालीन पुलिस आयुक्त जोगेंद्र कुमार और बुलंदशहर के जिला जज व एसपी के प्रयासों की सराहना की। कोर्ट ने प्रमुख सचिव विधि एवं न्याय और डीजीपी को पुलिस व अभियोजन अधिकारियों के नियमित प्रशिक्षण और जिला न्यायाधीशों को न्यायिक अधिकारियों के लिए ऐसी कार्यशालाएं कराने का आदेश दिया। अधिकांश आदेशों का पालन होने पर कोर्ट ने याचिका का अंतिम निस्तारण कर दिया।