NCR Railway : देश के सबसे व्यस्त रूट पर अब तीसरी लाइन पकड़ेगी रफ्तार, भूमि अधिग्रहण का कार्य शुरू
उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज मंडल के प्रयागराज-डीडीयू रूट पर ट्रेनों की भारी आवाजाही को देखते हुए यहां 2015-16 में रेलवे बोर्ड ने तीसरी लाइन बनाए जाने की मंजूरी दी। इसके बाद यहां सर्वे आदि का कार्य हुआ। अगस्त 2019 में रेलवे बोर्ड ने यहां तीसरी लाइन के लिए 2649.44 करोड़ रुपये स्वीकृत किए, लेकिन उसके बाद इस कार्य की रफ्तार धीमी पड़ गई।
विस्तार
देश के व्यस्त रूटों में एक प्रयागराज जंक्शन -पंडित दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू ) रेलखंड पर अब तीसरी लाइन का काम रफ्तार पकड़ेगा। इसके लिए जमीन अधिग्रहण का कार्य शुरू हो गया है। रेलवे का दावा है कि माह भर में यह जमीन अधिग्रहण से जुड़ी प्रक्रिया जिला प्रशासन द्वारा पूरी कर ली जाएगी। इसके बाद प्रयागराज के नैनी से डीडीयू तक तीसरी लाइन का निर्माण शुरू हो जाएगा।
उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज मंडल के प्रयागराज-डीडीयू रूट पर ट्रेनों की भारी आवाजाही को देखते हुए यहां 2015-16 में रेलवे बोर्ड ने तीसरी लाइन बनाए जाने की मंजूरी दी। इसके बाद यहां सर्वे आदि का कार्य हुआ। अगस्त 2019 में रेलवे बोर्ड ने यहां तीसरी लाइन के लिए 2649.44 करोड़ रुपये स्वीकृत किए, लेकिन उसके बाद इस कार्य की रफ्तार धीमी पड़ गई। इस बीच कोरोना की वजह से जहां काम प्रभावित हुआ तो वहीं दूसरी ओर ईस्टर्न डेडीकेटेड फ्रेड कॉरीडोर (ईडीएफसी ) के निर्माण ने तेजी पकड़ ली।
इन सब के बीच वर्ष 2021 में यह चर्चा भी सामने आई कि ईडीएफसी का निर्माण होे जाने की वजह से तीसरी लाइन का कोई औचित्य नहीं रह जाता। फिलहाल रेलवे ने जोन में ट्रेनों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए तीसरी लाइन निर्माण का काम अब रफ्तार पकड़ने जा रहा है। 150 किमी लंबी लाइन के लिए प्रयागराज, मिर्जापुर और चंदौली जिला प्रशासन द्वारा जमीन अधिग्रहण का लक्ष्य जून 23 निर्धारित किया है।
यहां तीसरी लाइन के निर्माण के बाद प्रयागराज से डीडीयू के बीच जहां एक ओर ट्रेनों का संचालन सुगम होगा तो वहीं दूसरी उनकी लेटलतीफी से भी काफी हद तक निजात मिलेगी। वित्त मंत्रालय ने डीडीयू तक बनाए जाने वाली तीसरी लाइन के लिए इस वित्तीय वर्ष के लिए 350 करोड़ रुपये का बजट जारी किया है। दो वर्ष में यह काम पूरा होने की उम्मीद अफसरों ने जताई है।
भूमि अधिग्रहण (हेक्टेयर) - 53 हेक्टेयर
महत्वपूर्ण पुल - 02
प्रमुख पुल - 18
छोटे पुल - 123
तीसरी लाइन निर्माण के लिए जमीन अधिग्रहण का कार्य इस माह पूरा होने की उम्मीद है। अधिकांश स्थानों पर रेलवे के पास अपनी जमीन है। इस कार्य के पूरा होने के बाद प्रयागराज-डीडीयू रेलखंड पर ट्रेनों की समय पालनता में खासा सुधार आएगा। - डाॅ. अमित मालवीय, सीनियर पीआरओ, एनसीआर