एनसीआर रेलवे : रेलवे में युवाओं को मिलेगा अप्रेंटिसशिप का मौका, हर माह नौ हजार स्टाइपेंड
उत्तर मध्य रेलवे ने वर्ष 2026-27 के प्रशिक्षण चक्र के लिए एक्ट अप्रेंटिस की अधिसूचना जारी की है। इस बार रेलवे ने ऑन-द-जॉब व्यावहारिक प्रशिक्षण के लिए सीटों की संख्या में भारी बढ़ोतरी की है।
विस्तार
उत्तर मध्य रेलवे ने वर्ष 2026-27 के प्रशिक्षण चक्र के लिए एक्ट अप्रेंटिस की अधिसूचना जारी की है। इस बार रेलवे ने ऑन-द-जॉब व्यावहारिक प्रशिक्षण के लिए सीटों की संख्या में भारी बढ़ोतरी की है। जोन की ओर से कुल 3,205 सीटों पर अधिसूचना जारी की गई है जो पिछले वर्ष (2025-26) की 1,800 सीटों के मुकाबले लगभग दोगुनी है।
इस बार की अधिसूचना में प्रयागराज मंडल में सबसे अधिक 1,462 सीटें, झांसी मंडल में 856, आगरा मंडल में 547, झांसी वर्कशॉप में 226, ट्रैक मशीन लाइन/ मुख्यालय में 82 तथा एनसीआर मुख्यालय के अंतर्गत 32 सीटें तय की गई हैं। इसके अलावा 152 सीटें दिव्यांगजन के लिए क्षैतिज रूप से आरक्षित की गई हैं।
आधुनिक उद्योग की बदलती जरूरतों को देखते हुए इस बार कई नए तकनीकी और कंप्यूटर-आधारित ट्रेड्स को भी शामिल किया गया है। इनमें कंप्यूटर ऑपरेटर एंड प्रोग्रामिंग असिस्टेंट, मल्टीमीडिया एंड वेब पेज डिजाइनर, सीएडी-कैम ऑपरेटर कम प्रोग्रामर, सर्वेयर, मैसन, सेनेटरी हार्डवेयर फिटिंग और बिल्डिंग मेंटेनेंस तकनीशियन जैसे आधुनिक ट्रेड शामिल हैं। एक वर्ष की इस प्रशिक्षण अवधि के दौरान शिक्षार्थियों को हर महीने लगभग नौ हजार रुपये का नियमित स्टाइपेंड भी दिया जाएगा।
एनसीआर के सीपीआरओ डा. शिवम शर्मा ने बताया कि प्रशिक्षण पूरा होने के बाद उम्मीदवारों को राष्ट्रीय व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद द्वारा नेशनल अप्रेंटिसशिप सर्टिफिकेट प्रदान किया जाता है। आवेदन की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 है। उम्मीदवार रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ (आरआरसी), प्रयागराज की आधिकारिक वेबसाइट www.rrcpryj.org पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।