प्रयागराज : एमपीवीएम गंगा गुरुकुलम में सजा प्रतिभा और संस्कारों का मंच, धूमधाम से मना वार्षिकोत्सव
एमपीवीएम गंगा गुरुकुलम में शनिवार को वार्षिकोत्सव ‘विद्योत्सव-2026’ का भव्य आयोजन किया गया। इस वर्ष समारोह की विषयवस्तु ‘ज्ञान, संस्कृति एवं सृजनात्मकता का उत्सव’ रही। कार्यक्रम दो सत्रों में हुआ।
विस्तार
एमपीवीएम गंगा गुरुकुलम में शनिवार को वार्षिकोत्सव ‘विद्योत्सव-2026’ का भव्य आयोजन किया गया। इस वर्ष समारोह की विषयवस्तु ‘ज्ञान, संस्कृति एवं सृजनात्मकता का उत्सव’ रही। कार्यक्रम दो सत्रों में हुआ। पहले सत्र में कक्षा तीन से सात और दूसरे सत्र में कक्षा आठ से 12 तक के विद्यार्थियों ने प्रस्तुतियां दीं।
पहले सत्र का शुभारंभ गार्ड ऑफ ऑनर और सरस्वती वंदना से हुआ। विद्यार्थियों ने ‘सिम्फनी ऑफ डिविनिटी’ नृत्य, ‘संगत की अदालत’ नुक्कड़ नाटक, प्रेरक गीत और नृत्य नाटिकाओं से दर्शकों को प्रभावित किया। कृत्रिम बुद्धिमत्ता और मानवीय बुद्धिमत्ता के संतुलन पर आधारित नाटिका भी आकर्षण का केंद्र रही। मुख्य वक्ता डॉ. कृष्णा गुप्ता ने विद्यार्थियों को सांस्कृतिक मूल्यों से जुड़े रहकर उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
दूसरे सत्र में मुख्य अतिथि डॉ. विनीता विश्वकर्मा ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना की। इस दौरान ‘शिव मंगलम’ नृत्य, ‘उड़ान’ नाटक, समूहगान और ‘पंचतत्त्व’ नृत्य के माध्यम से आत्मविश्वास, नेतृत्व, प्रकृति संरक्षण और जीवन मूल्यों का संदेश दिया गया। प्रधानाचार्या माधुरी श्रीवास्तव ने अतिथियों का स्वागत किया। राष्ट्रगीत के साथ समारोह का समापन हुआ। आयोजन ने विद्यार्थियों को प्रतिभा दिखाने के साथ सांस्कृतिक विरासत और नैतिक मूल्यों से जुड़ने का अवसर प्रदान किया।
