मोदी की रैली : भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक, झूंसी से जीटी जवाहर चौराहे पर आवागमन प्रतिबंधित
भारी वाहनों में मालवाहक शामिल होंगे और पासधारक वाहन भी इस प्रतिबंध के दायरे में आएंगे। झूंसी की तरफ से आने वाले यातायात को सरदार पटेल संस्थान से जीटी जवाहर फ्लाईओवर होते हुए बांगड़ धर्मशाला चौराहा की तरफ भेजा जाएगा।
विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परेड मैदान में प्रस्तावित रैली के मद्देनजर मंगलवार को यातायात डायवर्जन लागू किया गया है। इसके तहत शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है। साथ ही झूंसी से जीटी जवाहर चौराहे की ओर आवागमन प्रतिबंधित किया गया है। यह व्यवस्था सुबह नाै से रात 10 बजे तक लागू रहेगी। भारी वाहनों में मालवाहक शामिल होंगे और पासधारक वाहन भी इस प्रतिबंध के दायरे में आएंगे।
झूंसी की तरफ से आने वाले यातायात को सरदार पटेल संस्थान से जीटी जवाहर फ्लाईओवर होते हुए बांगड़ धर्मशाला चौराहा की तरफ भेजा जाएगा। वहां से बैरहना होते हुए यह वाहन शहर की तरफ गंतव्य को जा सकेंगे। डायवर्जन प्रभावी होने की अवधि में शहर क्षेत्र से झूंसी, हंडिया की तरफ जाने वाले वाहनों को फाफामऊ, सहसों, थरवई, अंदावा के रास्ते भेजा जाएगा। इसके अलावा समस्त प्रकार के कॉमर्शियल सवारी वाहन जैसे ई-रिक्शा, टेंपो, टैक्सी का प्रवेश संगम क्षेत्र की तरफ कार्यक्रम समाप्ति तक वर्जित रहेगा।
नैनी से झूंसी की तरफ जाने वाले वाहनों को बांगड़ धर्मशाला चौराहा से जीटी जवाहर फ्लाईओवर होते हुए रवाना किया जाएगा। संगम क्षेत्र एवं बड़े हनुमान जी की तरफ जाने वाला यातायात हाशिमपुर पुल, बक्सीबांध, नागवासुकी होते हुए गंतव्य को जाएंगे।
एडीसीपी यातायात शिवराम यादव ने बताया कि झूंसी क्षेत्र में निवास करने वाले आम जनमानस को यह भी सलाह दी जाती है कि निर्धारित अवधि में शहर में प्रवेश करना है तो वह अंदावा, सहसों, फाफामऊ मार्ग से आ सकते हैं।
पार्किंग स्थल
कार्यक्रम स्थल पर आने वाले लोगों के वाहनों की पार्किंग गल्ला मंडी दारागंज, प्लाॅट नंबर 17 संगम क्षेत्र में कराई जाएगी। शहर क्षेत्र से आने वाले वाहनों को सीएमपी व केपी काॅलेज ग्राउंड में पार्क किया जाएगा।