Mahakumbh : 2700 से अधिक श्रद्धालुओं के मोबाइल फोन चोरी, मेले में चोरों का गिरोह सक्रिय
महाकुंभ मेला शुरू होते ही मोबाइल फोन चोर भी सक्रिय हैं। यही वजह है कि 13 जनवरी पौष पूर्णिमा स्नान के बाद से अबतक 2700 से अधिक मोबाइल चोरी हो गए हैं।
विस्तार
महाकुंभ मेला शुरू होते ही मोबाइल फोन चोर भी सक्रिय हैं। यही वजह है कि 13 जनवरी पौष पूर्णिमा स्नान के बाद से अबतक 2700 से अधिक मोबाइल चोरी हो गए हैं। इसे लेकर महाकुंभ साइबर सेल पुलिस ने रोजाना दर्जनों शिकायत दर्ज करवाई जा रही हैं। दारागंज, कीडगंज, नैनी और झूूंसी थाने में भी कई केस दर्ज हो चुके हैं।
13 जनवरी 2025 पौष पूर्णिमा स्नान से महाकुंभ मेले की शुरुआत हुई थी। इस मेले में 45 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं के आने का अनुमान है। मेला शुरू होने के 27 दिन बाद लगभग 42 करोड़ श्रद्धालु संगम में डुबकी लगा चुके हैं। इतनी भीड़ को देखते हुए चोर भी पूरी तरह से सक्रिय हो गए हैं। ये गिरोह कभी संगम में डुबकी लगाने तो कभी रास्ते में श्रद्धालुओं को अपना निशाना बना रहे हैं।
इसमें विदेशी पर्यटक भी शामिल है। साइबर पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, 2700 से अधिक मोबाइल श्रद्धालुओं के गायब हो चुके हैं। इनमें कई मोबाइल तो ऐसे भी हैं, जो श्रद्धालुओं की अपनी लापरवाही से गुुम हुए हैं। बहरहाल, पुलिस अब इन सभी शिकायत के आधार पर मोबाइल को तलाश करने में जुट गई है।
100 से अधिक रिकवरी तो 90 फीसदी मोबाइल बंद
घटना की शिकायत के बाद पुलिस ने सीडीआर और लाइव लोकेशन की मदद से 100 से अधिक मोबाइल फोन को रिकवर कर पीड़ित को वापस लौटा चुकी है। जबकि, 90 फीसदी ऐसे मोबाइल फोन है, जिसे स्विच ऑफ कर लिया गया है। ऐसे में पुलिस को शक है कि कोई गिरोह सक्रिय है जो इस तरह की घटना को अंजाम दे रहा है।
गिरोह को दबोचने के लिए कई टीमें सक्रिय
इतनी बड़ी संख्या में मोबाइल फोन चोरी और गायब होने पर पुलिस के लिए सिरदर्द बन गया है। ऐसे जल्द से जल्द गिरोह को पकड़ने के लिए क्राइम ब्रांच से लेकर अन्य कई दस्तां सक्रिय हो गए हैं। वहीं, महाकुंभ साइबर डिप्टी एसपी तनु उपाध्याय ने बताया कि आरोपियों को दबोचने के लिए टीमें लगातार काम कर रही है। जल्द ही गिरोह का भंडाफोड़ किया जाएगा। वहीं, कई मोबाइल फोन को तलाश कर श्रद्धालुओं को दिया भी गया है।
केस-एक
मूलरूप से लखनऊ के महानगर निवासी अमित महरोत्रा ने पुलिस को बताया कि वह 25 जनवरी को महाकुंभ मेले के दौरान संगम में स्नान करने आए थे। इस बीच किसी ने उनका मोबाइल निकाल लिया।
केस-दो
कानपुर जिले के कल्याणपुर निवासी श्रद्धालु आदर्श ने पुलिस को बताया कि वह संगम में स्नान करने आए थे। अगले दिन किसी ने बस अड्डे के पास से उनका मोबाइल चोरी कर लिया। मोबाइल की लोकेशन भी ऑन थी, लेकिन अब बंद है।
केस-तीन
मुरादाबाद जिले के गांधी नगर निवासी श्रद्धालु अंबर गुप्ता ने पुलिस को बताया कि वह 31 जनवरी को संगम में स्नान करने आए थे। लेकिन, इस बीच यमुना बैंक रोड बोट क्लब के पास से किसी ने मोबाइल चोरी कर लिया।