लोकसभा चुनाव: 21 हजार पुलिसकर्मियों पर होगा शांतिपूर्ण चुनाव कराने का जिम्मा, अर्धसैनिक बलों की भी होगी तैनाती
चुनाव की तैयारियों के क्रम में फिलहाल यह निष्कर्ष निकाला गया है कि मतदान केंद्राें, बूथों के आधार पर कम से कम 21 हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की आवश्यक्ता होगी। लोकसभा चुनाव के लिए जिले में 2241 मतदान केंद्र और 4712 मतदान बूथ बनाए गए हैं।
विस्तार
लोकसभा चुनाव में इस बार जनपद की दो सीटों पर होने वाले मतदान के लिए 21 हजार पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। इनमें से सात हजार के लगभग पुलिसकर्मी जनपद के, जबकि 14 हजार के करीब गैरजनपद से आएंगे। इसके अलावा अर्धसैनिक बलों की भी 30 से ज्यादा कंपनियां चुनाव ड्यूटी में लगाई जाएंगी।
चुनाव की तैयारियों के क्रम में फिलहाल यह निष्कर्ष निकाला गया है कि मतदान केंद्राें, बूथों के आधार पर कम से कम 21 हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की आवश्यक्ता होगी। लोकसभा चुनाव के लिए जिले में 2241 मतदान केंद्र और 4712 मतदान बूथ बनाए गए हैं। इनके भौतिक सत्यापन पहले ही शुरू की जा चुकी है और अब यह अंतिम दौर में है।
पुलिस अफसर वर्तमान में इसका खाका खींचने में लगे हैं कि चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को कैसे सुदृढ़ और पुख्ता किया जाए। इसके तहत ही यह अनुमानित आंकड़ा निकाला गया है कि चुनाव के मद्देनजर कम से कम 21 हजार पुलिस बल की आवश्यक्ता होगी। जनपद में सात हजार पुलिसकर्मी तैनात हैं। ऐसे में 14 हजार पुलिसकर्मियों की और जरूरत हाेगी, जिन्हें बाहर से बुलाया जाएगा।
इसके अलावा मतदान केंद्रों के अंदर व बाहर निष्पक्ष मतदान के लिए अर्धसैनिक बलों की 30 से ज्यादा कंपनियां भी तैनात की जाएंगी। अर्धसैनिक बलों के जवान मतदान केंद्र व बूथों के साथ ही संवेदनशील इलाकों में भी तैनात किए जाएंगे। अफसरों का कहना है कि फिलहाल, यह आंकड़ा अनुमानित है। जो अंतिम रूप से इसी के आसपास रहने की उम्मीद है। जिले को 57 जोन और 378 सेक्टर में बांटा गया है। साथ ही कुल 186 ऐसे स्थान चिह्नित किए गए हैं, जहां बाहर से आने वाले पुलिसकर्मियों व अर्धसैनिक बल के जवानों के ठहरने का इंतजाम किया जाएगा।
पिछली बार 19 हजार जवानों की हुई थी तैनाती
पिछली बार यानी 2019 लोकसभा चुनाव के दौरान जिले में 19 हजार पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी। इसके अलावा अर्धसैनिक बल व पीएसी को मिलाकर करीब पांच हजार जवान भी तैनात किए गए थे। इस तरह से पुलिस व पैरामिलिट्री को मिलाकर 24 हजार जवान चुनाव ड्यूटी में मुस्तैद किए गए थे। हालांकि, तब केवल 40 जोन व 145 सेक्टर बनाए गए थे। इस बार इनकी संख्या कहीं ज्यादा है।