इंदिरा मैराथन: सेना के धावक प्रदीप चौधरी ने मारी बाजी, महिला वर्ग में यूपी पुलिस की नीतू प्रथम
41वीं अखिल भारतीय इनामी इंदिरा मैराथन के विजेता। मुंबई के प्रदीप चौधरी ने प्रथम, मुंबई के राज तिवारी ने द्वितीय और उत्तराखंड के निखिल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। यूपी पुलिस की नीतू ने महिला वर्ग में प्रथम स्थान हासिल किया। नीतू प्रयागराज की रहने वाली हैं। वह मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में ही अभ्यास करती हैं।
विस्तार
इंदिरा गांधी की स्मृति में आयोजित 41वीं अखिल भारतीय प्राइजमनी इंदिरा मैराथन प्रतियोगिता सेना के प्रदीप चौधरी ने जीत ली है। महिला वर्ग में यूपी पुलिस की नीतू कुमारी ने जीत हासिल की है। नीतू प्रयागराज की ही रहने वाली हैं। प्रदीप मुंबई के रहने वाले हैं और सेना में कार्यरत हैं। मुंबई के ही राज तिवारी दूसरे और उत्तराखंड के निखिल तीसरे स्थान पर रहे।
बृहस्पतिवार सुबह 6:30 बजे आनंद भवन से मैराथन का शुभारंभ हुआ। मंडलायुक्त एम. लोकेश ने हरी झंडी दिखाकर धावकों को रवाना किया। सबसे पहले 42.195 किलोमीटर की फुल मैराथन शुरू हुई। इसके बाद 21 किलोमीटर की हाफ मैराथन को रवाना किया गया। पूरे शहर का चक्कर लगाने के बाद नैनी के दांदूपुर से होते हुए फिर मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में पहुंचकर मैराथन की दौड़ पूरी हुई।
इंदिरा मैराथन में प्रयागराज की नीतू सिंह ने तोड़ा 41 वर्ष का रिकॉर्ड
नीतू पहली ऐसी धावक बनीं जिन्होंने रिकार्ड 2.51 घंटे में 42.195 किलोमीटर की दूरी तय की। पुरुष वर्ग में भारतीय सेना प्रदीप सिंह चौधरी लगातार दूसरी बार चैंपियन बने। 21 किलोमीटर के हॉफ मैराथन में यूपी पुलिस जौनपुर में कार्यरत विशाल विजेता बने। दूसरे स्थान पर रेलवे के सतीश रहे। महिला वर्ग में प्रयागराज की पुष्पा यादव प्रथम रहीं। मिर्जापुर की बबिता और कौशाम्बी की प्रीति दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं।
मैराथन के मद्देनजर निर्धारित मार्गों पर यातायात डायवर्ट किया गया है। सुरक्षा और व्यवस्थाओं के लिए जगह-जगह स्वयंसेवकों और पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। साथ ही एंबुलेंस की व्यवस्था भी की गई है। धावकों की प्रगति और समय पर नजर रखने के लिए आरएफआईडी ट्रैकिंग चिप युक्त बिब नंबर दिए गए हैं। पूरे मार्ग पर कुल 16 बूथ तैयार किए गए हैं।
यह रहेगा हाफ मैराथन का मार्ग
हाफ मैराथन आनंद भवन से शुरू होकर बैंक रोड, तेलियरगंज कोल्ड स्टोरेज होते हुए महर्षि पतंजलि संस्थान पहुंचेगी। यहां से धावक बाएं मुड़कर म्योहाल चौराहा, धोबी घाट और हाईकोर्ट से गुजरेंगे। इसके बाद पत्थर गिरजाघर, मेडिकल चौराहा और सीएमपी कॉलेज से दाएं मुड़ेंगे। बैरहना होते हुए नए नैनी पुल के आगे से यू-टर्न लेकर स्टेडियम पहुंचेंगे।
868 धावकों ने कराया पंजीकरण
मैराथन के लिए बुधवार तक कुल 868 धावकों ने पंजीकरण कराया था। फुल और हाफ मैराथन के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से पंजीकरण किए गए। बुधवार को ऑफलाइन पंजीकरण के दौरान फुल मैराथन में 211 पुरुष और 19 महिलाओं ने पंजीकरण कराया। वहीं, हाफ मैराथन में 230 पुरुष और 39 महिलाओं ने पंजीकरण कराया। इससे पहले मंगलवार को कुल 369 धावकों ने पंजीकरण कराया था।
