इंडिगो की दिल्ली उड़ान को लेकर अनिश्चितता, एयर इंडिया ने बढ़ाया किराया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली के लिए विमानन कंपनी इंडिगो की सीधी उड़ान अक्तूबर में जारी रहेगी या नहीं इसे लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। कंपनी की ओर से दिल्ली के लिए 30 सितंबर के बाद से प्रयागराज से दिल्ली और दिल्ली से प्रयागराज तक बुकिंग न किए जाने लोगों को दिक्कत हो रही है। अक्तूबर में दशहरा और दिवाली पर्व होने की वजह से तमाम लोग समय बचाने के लिए फ्लाइट से ही आवागमन करना चाह रहे हैं, लेकिन इंडिगो की ओर से बुकिंग न किए जाने से उनकी परेशानी बढ़ गई है। इस बीच एयर इंडिया ने भी मौके का फायदा उठाते हुए अपने किराये में वृद्धि कर दी है।
विमानन कंपनी इंडिगो प्रयागराज से बंगलूरू, मुंबई, दिल्ली, कोलकाता और रायपुर के लिए नियमित फ्लाइट चला रही है। अक्तूबर में दशहरा और दिवाली है। इस दौरान विभिन्न रूटों की ट्रेनों में लंबी प्रतीक्षा सूची हो गई है। दिल्ली रूट की ट्रेनों में ज्यादा ही भीड़ है। इसलिए लोग विमान में बुकिंग करवा रहे हैं, लेकिन एक ओर जहां मुंबई, बंगलूरू, कोलकाता, रायपुर के टिकट अक्तूबर के लिए बुक हो रहे हैं तो वहीं दिल्ली की बुकिंग 30 सितंबर के बाद से नहीं हो रही है।
दिल्ली की बुकिंग न होने से लोग अब एयर इंडिया की फ्लाइट से टिकट बुक करवा रहे हैं। इस बीच एयर इंडिया ने भी अपना किराया त्योहारी सीजन को देखते हुए बढ़ा दिया है। दिल्ली के लिए इंडिगो द्वारा फ्लाइट शुरू करने से प्रतिस्पर्धा बढ़ी तो पिछले दिनों एयर इंडिया ने अपना न्यूनतम किराया 2500 के आसपास कर दिया था। लेकिन अब अक्तूबर की किसी भी तिथि में प्रयागराज से दिल्ली का किराया 6988 रुपये से कम नहीं है। कुछ तिथियों में किराया दस हजार से ऊपर भी पहुंच गया।
उधर एयरपोर्ट प्रशासन से भी लोग इंडिगो की बुकिंग न होने की पूछताछ कर रहे हैं। एयरपोर्ट निदेशक सुनील यादव का कहना है कि उन्हें विंटर शेड्यूल का इंतजार है। क्योंकि कुंभ के बाद बंद हुई स्पाइस जेट के स्लॉट पर ही इंडिगो का विमान चल रहा है। 30 सितंबर तक ही इसकी मियाद है।