मेडिकल कॉलेज में कार्यरत पंकज पटेल(35) की गला रेतकर हत्या कर दी गई। उसका खून से लथपथ शव कॉलेज परिसर के भीतर बने सरकारी क्वार्टर में मिला। वह 18 मार्च की रात आखिरी बार देखा गया था। फोन न उठने पर करीबी दोस्त सुबह कमरे पर पहुंचा तो घटना की जानकारी हुई। पुलिस उसे हिरासत में लेकर पूछताछ में जुटी है।
प्रयागराज में वारदात : मेडिकल कॉलेज के वार्ड ब्वॉय की गला रेतकर हत्या, खून से लथपथ शव मिलने से सनसनी
मेडिकल कॉलेज के भीतर कर्मचारियों के लिए आवास बना हुआ है। वार्ड ब्वॉय पंकज पटेल का शव उसके आवास में रविवार की सुबह खून से लथपथ मिला तो सनसनी फैल गई। उसकी गला रेतकर हत्या की गई थी।
नृशंस हत्या की खबर से फैली सनसनी
मेडिकल कॉलेज के भीतर हत्या की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी पर एसपी सिटी, सीओ कर्नलगंज समेत तमाम अफसर पहुंच गए। फील्ड यूनिट, डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया। जानकारी पर कुछ देर बाद पत्नी व अन्य परिजन भी आ गए। पति का शव देखकर वह बिलखने लगी। उधर मां का भी रो-रोकर बुरा हाल रहा। जांच पड़ताल के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
क्या कोई करीबी था शामिल?
जांच पड़ताल के दौरान पुलिस को कमरे से शराब की खाली बोतलें व ग्लास मिली हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि हत्या में किसी करीबी का भी हाथ हो सकता है। फोरेंसिक टीम ने ग्लास व बोतलों से फिंगर प्रिंट केनमूने एकत्र किए। खोजी कुत्ता भी कमरे के आसपास ही घूमता रहा। पुलिस ने परिजनों से लंबी पूछताछ की लेकिन वह भी हत्या की वजह नहीं बता सके। किसी रंजिश की बात से भी वह इंकार करते रहे।
आशनाई, संपत्ति की बिंदु पर जांच
सूत्रों का कहना है कि प्रारंभिक जांच पड़ताल के दौरान पुलिस को यह बात पता चली है कि पंकज नशे का आदी था। इसके अलावा भी उसके कई शौक थे। इन्हीं आदतों के चलते उसने अपना अल्लापुर स्थित मकान बेच दिया था। जिसके बाद उसकी मां नैनी में जाकर रहने लगी थी। पुलिस आशनाई के साथ ही संपत्ति के बिंदु पर जांच में जुटी है। उसका दोस्त गोलू भी शक के दायरे में है।
दरअसल वह मृतक का बेहद करीबी था और अक्सर उसके साथ ही रहता था। चौंकाने वाली बात यह कि रविवार को जब पुलिस ने उससे पूछताछ की तो उसका कहना था कि वह 18 मार्च को आखिरी बार उससे मिला था और शनिवार को पूरे दिन उससे बात नहीं हुई। पुलिस के शक की वजह यही है कि आखिर हमेशा साथ रहने वाले दोस्त की उसने शनिवार को पूरे दिन खबर क्यों नहीं ली।
18 की रात ही हो गई थी हत्या
जांच पड़ताल के बाद पुलिस का कहना है कि शव दो दिन पुराना लग रहा था। गले में हुए जख्म से मौके पर काफी खून भी बहा था जो सूख चुका था। ऐसे में माना जा रहा है कि 18 की रात ही उसकी हत्या कर दी गई थी।
कुछ क्लू मिले हैं, जिन पर काम किया जा रहा है। हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। कई बिंदुओं पर जांच पड़ताल जारी है। - दिनेश कुमार सिंह, एसपी सिटी