इलाहाबाद विवि में हर दिन तीन पालियों में होंगी स्नातक की परीक्षाएं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) की स्थगित की गईं वार्षिक परीक्षाएं एक जुलाई से शुरू होंगी जबकि, सेमेस्टर परीक्षाएं 16 जुलाई से होंगी। स्नातक की परीक्षाएं हर दिन तीन शिफ्ट में होंगी। यह निर्णय सोमवार को इविवि की परीक्षा समिति की बैठक में लिया गया। परीक्षा का विस्तृत कार्यक्रम मई के अंत तक जारी कर दिया जाएगा।
लॉक डाउन से पहले इविवि में स्नातक की लगभग 15 विषयों की परीक्षाएं हो चुकी थीं। स्नातक की वार्षिक परीक्षाएं रोज तीन-तीन घंटे की दो पालियों में कराई जाती हैं लेकिन लॉक डाउन के बाद परीक्षा कराने के लिए समय कम समय रह जाएगा, सो तय हुआ कि परीक्षाएं तीन-तीन घंटे की तीन पालियों में कराई जाएंगी।
परीक्षाएं सप्ताह में सातों दिन होंगी। रविवार का साप्ताहिक अवकाश नहीं होगा। सभी शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की परीक्षा में ड्यूटी लगाई जाएगी और विशेष परिस्थितियों में ही अवकाश स्वीकृत किए जाएंगे। यह निर्णय भी हुआ कि परास्नातक की सेमेस्टर परीक्षाएं 16 जुलाई से 15 अगस्त तक करा दी जाएंगी।
सेमेस्टर परीक्षाएं पूर्व की भांति एक ही शिफ्ट में होंगी। स्नातक की परीक्षाएं समाप्त होने के बाद अगर किसी विभागों को जरूरत महसूस होती है तो सेमेस्टर परीक्षाएं दो शिफ्ट में कराई जा सकती हैं।
यूजीसी कमेटी का सुझाव है कि अगर कोई छात्र सेमेस्टर परीक्षा में एक या दो विषय में फेल हो जाता है तो उसे पास कर दिया जाए। इस पर चर्चा हुई कि इविवि में सीबीसीएस लागू है और उसमें यह प्रावधान पहले से ही है। ऐसे में अलग से कोई व्यवस्था लागू करने की जरूरत नहीं है। परीक्षा नियंत्रक प्रो. रामेंद्र सिंह ने बताया कि छात्र-छात्राओं को परीक्षा की तैयारी के लिए कम से कम एक माह का समय मिल सके, इसके लिए मई के अंत में परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया जाएगा।