प्रयागराज। नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) को लेकर चल रहा भाजपा का दस दिवसीय जागरूकता अभियान का समापन सोमवार को हुआ। इस दौरान सुभाष चौराहे पर पार्टी की ओर से कैंप लगाकर लोगों को सीएए के बारे में बताया गया। कहा गया कि अगर धर्म के आधार पर देश का बंटवारा न होता तो सीएए की आवश्यकता न पड़ती। यह कानून पड़ोसी देश पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बंगलादेश में प्रताड़ित होने वाले वहां के अल्पसंख्यकों को देश की नागरिकता देने का है।
इस अवसर पर भाजपा नगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी ने कहा कि बिना स्वार्थ की राष्ट्रहित में स्पष्ट राजनीति करना ही मोदी सरकार की प्राथमिकता है। कार्यक्रम में विधायक हर्ष वर्धन बाजपेयी ने कहा कि सीएए का समर्थन करना राष्ट्रीयता का प्रतीक है। यह कानून लोकसभा, राज्यसभा से स्पष्ट बहुमत से पास हुआ है। जो किसी कीमत पर वापस नहीं होगा। भाजपा मीडिया प्रभारी पवन श्रीवास्तव ने कहा कि आज अंतिम दिन अभियान महानगर के सभी 15 मंडलों में चला। इस दौरान सीएए का पत्रक बांटने के साथ मिस्ट कॉल भी करवाई गई। उधर मेयर अभिलाषा गुप्ता नंदी ने रानीमंडी, मीरापुर, रसूलपुर, सब्जी मंडी आदि इलाकों में डोर टू डोर अभियान चलाकर 8866288662 नंबर पर लोगों की मिस्ड कॉल करवाई। उन्होंने तमाम मुस्लिमों को भी इस कानून के बारे में बताया। उनसे प्रभावित होकर कई मुस्लिमों ने मिस्ड काल कर सीएए पर समर्थन दिया। इस अवसर पर संजय गुप्ता, राजू पाठक, गिरजेश मिश्र, रणविजय सिंह, दिनेश विश्वकर्मा, साहिल अरोरा, कुसुम लता, मनोज गुप्ता, मनोज कुशवाहा, रवि केसरवानी, अमित सिंह, राजेश केसरवानी, हमीदा बानो, गौरव गुप्ता, संजय कुशवाहा आदि मौजूद रहे।