ICC World Cup : प्रयागराज में बड़े स्क्रीन पर दिखाएंगे क्रिकेट मैच, पीवीआर में भी होगा मुकाबले का लाइव प्रसारण
वीआर सिनेमा हॉल में भी फाइनल मैच का लाइव प्रसारण होगा। इस मैच को देखने के लिए शहरवासी कितना उत्सुक हैं, इसका अनुमान इस बात से लगाया जा सकता है कि सिनेमा हॉल में शुक्रवार से ही फाइनल मैच की बुकिंग शुरू हुई और चंद ही घंटों में 75 प्रतिशत से अधिक टिकट बिक गए।
विस्तार
आईसीसी विश्वकप का फाइनल मुकाबला रविवार को भारत और आस्ट्रेलिया के बीच खेला जाएगा। इस मैच के लिए क्रिकेट प्रेमियों की ओर से खास तैयारियां भी की जा रही हैं। संगमनगरी के क्रिकेट प्रेमी अपने दोस्तों, परिवार व भीड़ के साथ मैच देखने की अलग-अलग योजना तैयार कर रहे हैं। कई स्थानों पर सामूहिक रूप से एलईडी स्क्रीन लगाकर मैच देखने की तैयारी हो रही है। वहीं कई क्लब की ओर से होटल के सभागारों को भी बुक किया जा रहा है। यहां पर क्लब के सदस्य अपने पूरे क्लब परिवार के साथ मैच देखने की तैयारी में हैं।
दूसरी ओर पीवीआर सिनेमा हॉल में भी फाइनल मैच का लाइव प्रसारण होगा। इस मैच को देखने के लिए शहरवासी कितना उत्सुक हैं, इसका अनुमान इस बात से लगाया जा सकता है कि सिनेमा हॉल में शुक्रवार से ही फाइनल मैच की बुकिंग शुरू हुई और चंद ही घंटों में 75 प्रतिशत से अधिक टिकट बिक गए। पीवीआर प्रशासन की ओर से बताया गया कि 291 सीटों के हॉल में अबतक 200 सीटों की बुकिंग हो चुकी है। इस मैच के लिए पांच सौ रुपये से लेकर सात सौ रूपये तक के टिकट निर्धारित किए गए थे।
शहर के कई जगहों पर लगेगी बड़ी स्क्रीन
सहायक मनोरंजन कर अधिकारी अरविंद शर्मा ने बताया कि सिनेमा में केवल पीवीआर में ही हॉटस्टार के सहयोग से मैच का लाइव प्रसारण किया जाएगा। इसके साथ ही शहर में कुछ संस्थाएं की ओर से भी लोगों को मैच दिखाने के लिए विशेष तौर पर हाल या सार्वजनिक स्थानों पर प्रोजेक्टर के माध्यम से मैच दिखाने की व्यवस्था लोग खुद से कर रहे हैं।
मजीदिया इस्लामिया कॉलेज मैदान पर क्रिकेट और हॉकी के खिलाड़ियों की ओर से प्रोजेक्टर पर मैच देखने की तैयारी की जा रही है। सभी खिलाड़ी भारतीय टीम की नीली जर्सी या तिरंगा लेकर मैदान पर पहुंचेंगे। वहीं केपी कॉलेज मैदान पर टेनिस के खिलाड़ियों ने बड़ी स्क्रीन पर मैच देखने की तैयारी की है। इसके अलावा शहर के अलग अलग स्थानों पर लोग अपने दोस्तों व परिचितों के साथ मैच देकने की योजना तैयार कर रहे हैं।
20 साल बाद भारत लेगा बदला भारत
20 साल बाद फिर से ऑस्ट्रेलिया के साथ फाइनल मुकाबला खेलेगा। इससे पहले 2003 में भारत और ऑस्ट्रेलिया का जब मुकाबला हुआ तो भारत को ऑस्ट्रेलिया के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। इस बार शहर के लोगों को उम्मीद है कि भारत ऑस्ट्रेलिया से 20 साल पहले के मैच का बदला चुकाएगा। साथ ही रविवार को तीसरी बार भारत विश्वकप को भी अपने नाम करेगा। 1983 में पहली बार भारत ने विश्व कप जीता था। अब चौथी बार है जब भारत विश्व कप के फाइनल मुकाबले में पहुंचा है तो संगमनगरी के क्रिकेट प्रेमियों को पूरा यकीन है कि भारत इस बार अजेय रहकर विश्वविजेता बनेगा।