Prayagraj : हाईकोर्ट बार अध्यक्ष बोले- आरोपी डॉक्टर गिरफ्तार नहीं किए गए तो तय होगी रणनीति
स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय में महिला अधिवक्ताओं के साथ मारपीट मामले में हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश पांडेय ने सख्त रुख अपनाया है।
विस्तार
स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय में महिला अधिवक्ताओं के साथ मारपीट मामले में हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश पांडेय ने सख्त रुख अपनाया है। चेतावनी दी है कि बृहस्पतिवार सुबह 10 बजे तक पुलिस एफआईआर दर्जकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करती है तो आगे की रणनीति एसोसिएशन की बैठक में तय की जाएगी।
महासचिव अखिलेश कुमार शर्मा ने बताया कि निर्णय लिया गया कि उचित कार्रवाई नहीं होती तो दोपहर एक बजे कार्यकारिणी की बैठक बुलाई जाएगी। वहीं, बुधवार शाम 04:30 बजे अपर जिलाधिकारी (नगर) सत्यम मिश्र, डिप्टी एसपी महानगर मनीष कुमार शांडिल्य ने हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के पदाधिकारी कक्ष में पहुंचकर अध्यक्ष और महासचिव सहित सभी पदाधिकारियों से वार्ता की। प्रशासनिक अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि दोषी डॉक्टरों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में तत्काल प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
कार्रवाई की कॉपी बार एसोसिएशन को सौंप दी जाएगी। इस दौरान वरिष्ठ उपाध्यक्ष कमलेश कुमार द्विवेदी (केके द्विवेदी), उपाध्यक्ष अमित कुमार सिंह (सोनू), विवेक मिश्र, राज कुमार त्रिपाठी, हनुमान प्रसाद मिश्र, दिनेश वरुण, संयुक्त सचिव प्रेस रामेश्वर दत्त पांडेय (आरडी), संयुक्त सचिव (प्रशासन) सिरीश कुमार द्विवेदी, संयुक्त सचिव महिला बिंदु कुमारी, कोषाध्यक्ष अंजनी कुमार मिश्र रहे।
हाईकोर्ट ने मामले का लिया संज्ञान, मांगी जानकारी
न्यायमूर्ति महेश चंद्र त्रिपाठी, न्यायमूर्ति कुनाल रवि सिंह की खंडपीठ ने पूर्व अध्यक्ष व वरिष्ठ अधिवक्ता राधाकांत ओझा के आग्रह पर मामले का संज्ञान लिया है। खंडपीठ ने अपर महाधिवक्ता मनीष गोयल को बृहस्पतिवार सुबह 10 बजे तक घटना की पूरी जानकारी कोर्ट में पेश करने के निर्देश दिए हैं।
पीड़ित अधिवक्ता को दी गई मदद
एसआरएन में विवाद के दौरान घायल महिला अधिवक्ता को 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी गई है। एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश पांडे ने 10 हजार रुपये और हाईकोर्ट बार एसोसिएशन की तरफ से 15 हजार रुपये दिए गए हैं।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.