मैट्रिमोनियल साइट के माध्यम से दोस्ती कर युवती को होटल में ले जाकर किया दुष्कर्म, एफआईआर दर्ज
धूमनगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली एक युवती की एक मैट्रिमोनियल साइट पर लखनऊ के रहने वाले युवक से दोस्ती हो गई। युवक ने लड़की से मिलने की जिद की और प्रयागराज आ गया। यहां उसने एक मंदिर में लड़की की मांग में सिंदूर डाला और होटल में ले जाकर दुष्कर्म किया। लखनऊ वापस जाते ही उसने लड़की के नंबर को ब्लाक कर दिया। काफी प्रयास के बाद जब वह शादी को राजी नहीं हुआ तो बृहस्पतिवार को युवक के खिलाफ कीडगंज थाने में तहरीर दी गई। रात में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई।
धूमनगंज के झलवा की रहने वाली युवती के घर वाले मैट्रिमोनियल साइट पर उसके लिए लड़का तलाश रहे थे। लखनऊ के इंदिरा नगर में कुकरैल के पास रहने वाले सुमित वर्मा ने शादी की इच्छा जताई। युवती और सुमित के बीच फोन पर बात होने लगी। दोनों फेसबुक से भी जुड़ गए। इसके बाद सुमित युवती से मिलने की जिद करने लगा।
युवती ने शर्त रखी कि पहले वह उसके माता-पिता से मिले। अक्तूबर महीने में सुमित प्रयागराज पहुंच गया। उसने युवती को कीडगंज स्थित होटल में बुलाया। युवती ने कहा, पहले शादी करो। इसके बाद युवक उसे लेकर एक मंदिर गया और वहां उसकी मांग में सिंदूर भरकर कहा कि अब शादी हो गई है। वह युवती को लेकर कीडगंज स्थित होटल पहुंचा।