प्रयागराज : मुफ्त की सवारी है और कीचड़ से होकर जाना है, बस स्टैंड पर यात्रियों को हुई काफी असुविधा
यूपी रोडवेज प्रयागराज रीजन की करीब 650 बसों में रक्षाबंधन पर बहनों ने मुफ्त यात्रा की लेकिन अस्थायी विद्यावाहिनी बस अड्डे पर फैली अव्यवस्था और कीचड़ ने मजा किरकिरा कर दिया। सपा मुखिया और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी विद्या वाहिनी बस स्टैंड पर अव्यवस्था का पोस्ट साझा करके सरकार और रोडवेज पर निशाना साधा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
यूपी रोडवेज प्रयागराज रीजन की करीब 650 बसों में रक्षाबंधन पर बहनों ने मुफ्त यात्रा की लेकिन अस्थायी विद्यावाहिनी बस अड्डे पर फैली अव्यवस्था और कीचड़ ने मजा किरकिरा कर दिया। मुफ्त की सवारी के लिए लोगों को गंदे पानी और कीचड़ से होकर गुजरना पड़ा। पर्व से पहले बसें भी ठसाठस रहीं। बैठने को लेकर यात्रियों में किचकिच भी हुई। विद्या वाहिनी बस स्टैंड पर अव्यवस्था को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री और सपा मुखिया अखिलेश यादव ने भी सोशल मीडिया साइट एक्स पर पोस्ट साझा करके सरकार और रोडवेज पर तंज कसा है।
मुफ्त यात्रा की सौगात के बीच बस अड्डा परिसर की बदहाली ने यात्रियों का उत्साह फीका कर दिया। जलभराव और कीचड़ के बीच लोग दौड़ते-भागते बसों को पकड़ते रहे। रामबाग के शैलेंद्र दुबे कीचड़ में फिसल गए। उनके सारे कपड़े भी खराब हो गए। सोहबतियाबाग की पल्लवी मिश्रा ने बताया कि राखी बांधने के लिए मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलना बहुत अच्छी पहल है, लेकिन बस अड्डे के अंदर इतना कीचड़ भरा था कि बच्चों और सामान के साथ अंदर जाना जंग जीतने जैसा था।
एसी बसों में बैठने की मची रही होड़
अयोध्या जा रहे बेनीगंज के रमेश पाल का कहना था कि एसी बस देखते ही लोग ऐसे दौड़े जैसे ट्रेन छूट रही हो और कीचड़ से बचते-बचाते बस तक पहुंचना बहुत मुश्किल रहा। सिविल लाइंस की छात्रा प्रियंका सिंह ने बताया कि दोपहर में भीड़ इतनी ज्यादा थी कि अयोध्या रूट की बसों में पैर रखने की जगह नहीं मिल रही थी। बस अड्डे पर जलभराव ने मुश्किलें और बढ़ा दीं।
वहीं, गोरखपुर और वाराणसी रूट की अधिकतर बसें विद्यावाहिनी बस स्टेशन के भीतर जाने के बजाय सीधे मुख्य सड़क से ही संचालित करनी पड़ीं। लखनऊ और अयोध्या रूट की एसी बसों में बैठने के लिए जबरदस्त होड़ रही। आजमगढ़ रूट पर भी यात्रियों की भीड़ रही। यूपी रोडवेज प्रयागराज रीजन के क्षेत्रीय प्रबंधक रविंद्र कुमार सिंह ने बताया कि दिनभर यात्रियों का आवागमन हुआ। महिला यात्री के साथ एक पुरुष सहकर्मी के फ्री सफर की वजह से भी लोगों ने रोडवेज बसों में सफर करना पसंद किया।