प्रयागराज : सड़क हादसे में मां-बेटे समेत चार की मौत, मौत बनकर दौड़ा डीजे
फूलपुर में द्वारचार के दौरान नाच रहे बारातियों को डीजे ने रौंद दिया। बताया जाता है कि चालक ने गलती से ब्रेक की जगह एक्सलेटर को तेजी से दबा दिया जिससे बेकाबू डीजे नाच रहे बारातियों को रौंदते हुए आगे निकल गई। इससे बारात में अफरा तफरी मच गई़।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रयागराज के फूलपुर इलाके में अलग अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसे में मां-बेटे समेत चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की सूचना पर परिवार में कोहराम मचा रहा।
फूलपुर के चंदौकी गांव की रहने वाली मीना देवी (35) पत्नी अशोक कुमार पटेल अपने मायके में एक शादी समारोह से अपने भाई के साथ बाइक से घर लौट रही थी। शाम करीब पांच बजे वह जैसे ही फूलपुर सिकंदरा मार्ग पर महावीरन विद्युत केंद्र से अपने घर के तरफ मुड़़ी इसी बीच फूलपुर से पतुलकी की तरफ जा रहे तेज रफ्तार बाइक सवार ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दिया, जिससे बाइक सवार महिला मीना देवी और बेटे धीरेंद्र उर्फ धीरू (16) की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक चला रहा उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी होते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल लेकर भागे।
फूलपुर में मौत बनकर दौड़ी डीजे गाड़ी एक की मौत, तीन गंभीर
फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के देवली गांव के रहने वाले लालजी की बेटी शिवकुमारी की शादी शुक्रवार को थी। यहां जौनपुर के समसपुर गांव निवासी राजेंद्र प्रसाद के बेटे सुरेश की बारात आई हुई थी। बारात देवली गांव पहुंची और द्वारचार का कार्यक्रम अभी शुरू भी नहीं हुआ था कि डीजे की धुन पर थिरकते बाराती निकले। इसी बीच डीजे गाड़ी चालक ने अचानक एक्सीलेटर पर तेजी से पैर रखा तो डीजे गाड़ी मौत बनकर बारातियों को रौंदते हुए आगे निकल गई।
इस घटना में अपनी बुआ के पौत्र की शादी में आए फूलपुर के पूरेविक्रमशाह निवासी कृष्णा बिंद (25) पुत्र भानूप्रसाद की मौके पर ही मौत हो गई। सरायइनायत थाना क्षेत्र के मकूनपुर छिबैया गांव के रहने वाले बाराती मेल्ल्हन (35) पुत्र रामचंद्र एवं सरायममरेज थाना क्षेत्र के समरूआ गांव निवासी सुखराज (30) समेत तीन बाराती गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद बारात में अफरातफरी व भगदड़ मच गई। सभी बाराती अपनी-अपनी गाड़ी लेकर भाग निकले।
चालक भी घटना के बाद डीजे छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर फूलपुर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एम्बुलेंस की सहायता से घायल युवकों को इलाज के लिए फूलपुर ले जाया गया। जहां से डाक्टरों ने शहर रेफर कर दिया, दो घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने डीजे चालक के खिलाफ 304-ए के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई में जुटी है।
सड़क हादसे में गल्ला कारोबारी की गई जान
थाना नवाबगंज जलालपुर चाधंन उर्फ पीथीपुर गांव निवासी पार्वती देवी ग्राम प्रधान हैॆ। जिनका देवर संजय कुमार साहू (35) पुत्र वासुदेव साहू घर पर रहकर खेती-किसानी के साथ गल्ला कारोबारी था। शुक्रवार की देर शाम अपने ससुराल नवाबगंज बाजार से घर आ रहा था। बाइक सवार गल्ला कारोबारी जैसे अपने गांव के पास सड़क के मोड़ पर पहुंचा। प्रयागराज सदर के सिविल लाइन टर्मिनल से कुंडा प्रतापगढ़ की ओर जा रही सवारी भरी बस चालक ने बाइक चालक को कुचल दिया। बाइक का परखच्चा उड़ गया।
गंभीर रूप से जख्मी गल्ला कारोबारी शहर के स्वरूप रानी अस्पताल भिजवाया गया, जहां पर डॉक्टरों ने इलाज के पहले मृत घोषित कर दिया। बस का चालक थाना हथिगंवा प्रतापगढ़ के एक गांव में वाहन को खड़ा करके फरार हो गया। पुलिस मृतक परिजन की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत कर शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम भेज दिया। बताया जाता है कि मृतक के बड़े भाई राजेश कुमार साहू की विगत आठ वर्ष पूर्व बीमारी से मौत हो चुकी है। पत्नी बबली गुप्ता बेटा मयंक ,यश व बेटी साक्षी का रो-रो कर बुरा हाल रहा।