पुष्पवर्षा हेलीकॉप्टर से कांवड़ियों पर बरसे, धरती से आसमान तक गूंजे हर-हर महादेव जय श्रीराम के जयकारे
प्रयागराज में रविवार को मंडलायुक्त संजय गोयल, आईजी राकेश सिंह, जिलाधिकारी संजय कुमार खत्री एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शैलेश कुमार पांडे ने दशाश्वमेध घाट, अन्दावा, बजहा क्रासिंग, भीटी एवं अन्य कांवड़ यात्रा मार्गों पर कांवड़ यात्रा में आए हुए श्रद्धालुओं पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सावन के तीसरे सोमवार से पहले रविवार को ही आस्था पथ पर भक्ति का जनसागर उमड़ पड़ा। कांवड़िया भक्तों पर हेलीकॉप्टपर से पुष्पवर्षा सुबह से ही शुरू हो गई। फूलों की इस बारिश में भक्त नंगे पांवों के छालों की पीड़ा भूल कर आगे बढ़ते रहे। प्रयागराज-वाराणसी राजमार्ग की एक लेन कांवड़िया भक्तों से खचाखच भरी रही।
तीसरे सोमवार के जलाभिषेक के लिए शहर के प्रमुख शिव मंदिरों में जहां भव्य सजावट की गई है, वहीं सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए हैं। रविवार की आधी रात को ही दशाश्वमेध घाट कांवड़िया भक्तों से पट गया। जल भरकर भक्त नंगे पांव बाबा विश्वनाथ और बाबा बैजनाथ के जलाभिषेक के लिए बोल बम के जयकारे लगाते हुए निकलने लगे। पौ फटने के बाद घाट से लेकर झूंसी के शास्त्री पुल तक कर कोना केसरिया नजर आने लगा।
कांवड़िया भक्तों का हुजूम उमड़ने की वजह से संगमनगरी शिवमय नजर आने लगी। इस बीच दिन के करीब 11:30 बजे नंगे पांव आस्था पथ पर बाबा का जयकारा लगाते चलने वाले कांवड़िया भोले भक्तों पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा होने लगी। दशाश्वमेध घाट के आसामान पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा शुरू होते ही बोल बम के गगनभेदी जयकारे गूंजने लगे। हर तरफ उल्लास के बीच भोले भक्त पांवों के छाले की पीड़ा को भूलकर खिलखिलाते नजर आए।
फूलों-हरी पत्तियों से सजे महादेव के दरबार, जलाभिषेक की तैयारी पूरी
सावन के तीसरे सोमवार के जलाभिषेक के लिए शिव मंदिरों में भव्य सजावट की गई है। जलाभिषेक की तैयारियों को रविवार को दिन भर अंतिम रूप दिया जाता रहा। यमुना तट स्थित मनकामेश्वर महादेव मंदिर में अफसरों ने सुरक्षा इंतजामों के साथ ही तैयारियों के बारे में जानकारी ली। यहां पुरुष और महिला भक्तों के दर्शन के लिए अलग-अलग बैरिकेडिंग कराई गई है। मनकामेश्वर में सोमवार की भोर चार बजे मंगला आरती के साथ ही आम भक्तों के लिए पट खोल दिए जाएंगे।
दिन के 11:45 बजे भोग आरती होगी। इस दौरान महज 15 मिनट के लिए गर्भगृह में दर्शन रोका जाएगा। इसके बाद दोपहर 12 से रात एक बजे तक श्रद्धालु बाबा का जलाभिषेक कर सकेंगे। रात 10 बजे आरती होगी। महंत श्रीधरानंद ब्रह्मचारी ने बताया कि सोमवार को मनकामेश्वर महादेव का रंग-बिरंगे फूलों और हरी पत्तियों से मोहक शृंगार होगा। इसी तरह अरैल में सोमेश्वर महादेव, भरद्वाजेश्वर, पंडिला महादेव और तक्षकेश्वर महादेव में भी भव्य झांकियां सजाई गई हैं।