प्रयागराज : राखी बंधवा कर लौट रहे किसान की मौत, रक्षाबंधन पर मायके जा रही महिला की गई जान
यमुनापार इलाके में दो उरूवा और करछना में हुए सड़क हादसे में एक महिला और एक किसान की मौत हो गई। किसान बहन के घर से राखी बंधवाकर लौट रहा था, जबकि महिला रक्षाबंधन पर भाई को राखी बांधने के लिए घर जा रही थी, लेकिन हादसे की शिकार हो गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बहन से राखी बंधवाकर घर लौट रहे बाइक सवार किसान की ऊंचडीह बाजार में शुक्रवार शाम को मैजिक की चपेट में आने से मौत हो गई। बाइक चालक बेटा दीपांशु (26) और पौत्र रुद्र (3) गंभीर रूप से जख्मी हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। आक्रोशित परिजनों ने शव को सड़क पर रख चक्काजाम कर दिया। पुलिस ने परिजनों को समझाकर शांत करा दिया। मैजिक सवार दुर्घटना के बाद भाग गया। उसकी तलाश की जा रही है।
मेजा थाना क्षेत्र के ऊंचडीह बाजार (तिवारीकापूरा) के रमेश तिवारी (52) किसानी करते थे। शुक्रवार दोपहर वह अपने बेटे दीपांशु के साथ पौत्र रुद्र को लेकर अपनी बहन से राखी बंधवाने रैपुरा गांव गए थे। वहां से शाम को घर लौट रहे थे कि ऊंचडीह बाजार के समीप पीछे से आ रही बेकाबू मैजिक ने टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर गिर गए।
हादसे में रमेश तिवारी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दीपांशु और रुद्र घायल हो गए हैं। घायलों को रामनगर सीएचसी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद शहर रेफर कर दिया गया।
मैजिक चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर आक्रोशित परिजनों ने सड़क पर शव रख चक्काजाम कर दिया। हालांकि मेजा थाने के इंस्पेक्टर नितेंद्र शुक्ला ने आक्रोशित परिजनों को समझा शांत करा दिया। मृतक रमेश तिवारी की पत्नी पुष्पा का रो-रोकर हाल बेहाल है। रमेश तीन भाइयों में छोटे थे।
भाई को राखी बांधने मायके जा रही महिला की हादसे में मौत
कटका पुल के पास मिर्जापुर-प्रयागराज हाईवे पर शुक्रवार को सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। वह भाई को राखी बांधने मायके जा रही थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
भरहा मोगलहा गांव निवासी 38 वर्षीय राजकुमारी गौतम पत्नी ज्ञान चंद्र गौतम अपने बड़े बेटे शिव गौतम के साथ बाइक से मेजा के समहन टिकुरी गांव में भाई को राखी बांधने जा रही थीं। मायके से करीब दो किलोमीटर पहले कटका पुल के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आकर महिला घायल हो गई।
घटना के बाद मौके पर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने डायल 112 और स्थानीय पुलिस को सूचना दी और घायल महिला को नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी रणविजय सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बाइक अनियंत्रित होने से पीछे बैठी महिला के गिरने से मौत की बात सामने आई है। मामले की जांच की जा रही है।