प्रयागराज : अस्पताल में महिला की मौत पर परिजनों ने किया हंगामा, डॉक्टरों पर सही तरीके से इलाज न करने का आरोप
ज्योति पुत्री प्रेमचंद्र पुराना कटरा की रहने वाली है। मार्च 2019 में उसकी शादी बेनीगंज में रहने वाले सराफ सुजीत वर्मा से हुई। उसकी दो साल की एक बेटी भी है। तबियत बिगड़ने पर 24 अक्तूबर को उसे खुल्दाबाद स्थित मदनानी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
विस्तार
खुल्दाबाद के बेनीगंज में रहने वाली ज्योति वर्मा (29) की मौत के बाद अस्पताल में जमकर हंगामा हुआ। मायकेवालों ने दहेज उत्पीड़न के साथ ही आरोप लगाया कि डेंगू से पीड़ित होने के बाद भी उसका इलाज नहीं कराया गया। पुलिस ने पति को हिरासत में ले लिया है। ज्योति पुत्री प्रेमचंद्र पुराना कटरा की रहने वाली है। मार्च 2019 में उसकी शादी बेनीगंज में रहने वाले सराफ सुजीत वर्मा से हुई। उसकी दो साल की एक बेटी भी है। तबियत बिगड़ने पर 24 अक्तूबर को उसे खुल्दाबाद स्थित मदनानी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
वहां इलाज के दौरान उसकी बुधवार मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे मायकेवालों ने सुसराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। जानकारी पर पुलिस भी पहुंच गई। भाई जयप्रकाश ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही उसकी बहन को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था।
आए दिन उससे मारपीट की जाती रही। आरोप यह भी है कि 21 अक्तूबर से ही तेज बुखार आने के बावजूद उसका ठीक ढंग से इलाज नहीं कराया गया। इससे उसकी हालत बिगड़ती चली गई और आखिरकार उसने दम तोड़ दिया। परिजनों से पूछताछ के बाद पुलिस ने शव मर्चरी भेजवा दिया। उधर पिता की ओर से नामजद तहरीर मिलने पर मुकदमा भी दर्ज कर लिया। मौजूदा प्रभारी एसआई आरके सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
मौत से पहले दिया बयान- ससुरालवालों ने की मारपीट
पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचे भाई व अन्य परिजनों ने एक वीडियो दिखाते हुए बताया कि ज्योति ने मरने से पहले भी बयान दिया कि सुसरालवालों ने उससे मारपीट की। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।