प्रयागराज नाबालिग छात्रा का कोचिंग में यौन शोषण, आराेपी संचालक गिरफ्तार, अकेले में बुलाकर करता था अश्लील हरकत
पिता के मुताबिक, पत्नी के पूछने पर बेटी ने रो-रोकर बताया कि कोचिंग संचालक कैसर फिरदौस पिछले डेढ़ माह से उसका शारीरिक शोषण कर रहा है। प्रथम तल पर कोचिंग क्लास चलती है,जबकि भूतल पर कार्यालय है। क्लास के समय जब सभी बच्चे ऊपर रहते थे, तब सर मुझे किसी ना किसी बहाने नीचे बुलाते थे। फिर अश्लील हरकत करते थे।
विस्तार
धूमनगंज स्थित कोचिंग सेंटर में नाबालिग छात्रा के यौन उत्पीड़न का सनसनीखेज मामला सामने आया है। संचालक डेढ़ महीने से उसके साथ अश्लील हरकत कर रहा था। छात्रा सदमे में चली गई तब उसके परिजनों को जानकारी हुई। शिकायत पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। बम्हरौली निवासी 14 वर्षीया छात्रा एक स्कूल में 10वीं में पढ़ती है। वह गणित, विज्ञान पढ़ने के लिए केएफ क्लासेस कोचिंग, ईडब्ल्यूएस कॉलोनी, कांशीराम आवास योजना पार्क, नीमसराय मुंडेरा में जाती है। इसका संचालक कैसर फिरदौस है।
पिता के मुताबिक, पिछले कई दिनों से छात्रा डरी-सहमी सी रहती थी। कुछ पूछने पर भी जवाब नहीं देती थी। न खाना खाती थी और न ही ठीक से सो पाती थी। यह सिलसिला पिछले डेढ़ महीने से चल रहा था। 21 सितंबर को जब कोचिंग से लौटने पर बेटी की स्थिति देखकर शक हुआ तो मां ने बहुत दबाव देकर उससे इसकी वजह पूछी। बेटी ने जो बताया, वह सुनकर मां के होश उड़ गए।
पिता के मुताबिक, पत्नी के पूछने पर बेटी ने रो-रोकर बताया कि कोचिंग संचालक कैसर फिरदौस पिछले डेढ़ माह से उसका शारीरिक शोषण कर रहा है। प्रथम तल पर कोचिंग क्लास चलती है,जबकि भूतल पर कार्यालय है। क्लास के समय जब सभी बच्चे ऊपर रहते थे, तब सर मुझे किसी ना किसी बहाने नीचे बुलाते थे। फिर अश्लील हरकत करते थे।
बताया कि पहली बार जब उसने विरोध किया तो उसे फेल हो जाने का डर दिखाकर चुप करा दिया। इसके बाद लगातार अश्लील हरकतें करता रहा। बेटी की आपबीती सुनने के बाद पिता की ओर से धूमनगंज थाने में तहरीर दी गई। इसके बाद पुलिस ने पॉक्सो व छेड़छाड़ के आरोप में केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। डीसीपी नगर दीपक भूकर ने बताया कि आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
बोला- किसी से बताया तो बदनाम हो जाओगी
पिता के मुताबिक, बेटी ने यह भी बताया कि अश्लील हरकत करने के दौरान संचालक ने मुंह खोलने पर धमकाया। कहा कि तुम कभी किसी से यह बातें मत कहना नहीं तो तुम्हारी इज्जत नहीं रहेगी। इस बात को तुम कभी किसी के सामने साबित भी नहीं कर पाओगी, जिसके बाद छात्रा और डर गई।