प्रयागराज। बिजली दरों में वृद्धि के खिलाफ सड़क पर उतरे कांग्रेसियों ने रविवार को भैंस के आगे बीन बजाकर विरोध जताया। इस दौरान सरकार विरोधी नारे लगाए जा रहे थे। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि बिजली दरों में बेतहाशा वृद्धि से आम आदमी पर बोझ बढ़ा है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
खुल्दाबाद चौराहे पर कांग्रेसी भैंस लेकर विरोध-प्रदर्शन करने निकले। महानगर कमेटी के महासचिव हसीब अहमद ने भैंस के आगे बीन बजाई। उनका कहना था कि बिजली दरों में वृद्धि से महंगाई बढ़ेगी। आम आदमी की जेब ढीली होगी अलग से। ऐसे में बढ़ी हुई दरों को वापस लिया जाना चाहिए। प्रदर्शन करने वालों में विजय श्रीवास्तव, मोहम्मद हसीन, शकील अहमद, सुनील कुशवाहा, इश्तियाक अहमद, रिंकू तिवारी, महताब खां, मोहम्मद खालिद, मोहम्मद शाहिद, इसहाक अहमद, मोहम्मद सिराज शामिल थे।