यूपी : प्रदेश का पहला कुनबा, या तो जेल में या इनामी, अतीक अहमद के परिवार के सभी बालिग इनामी हैं या रह चुके हैं
अतीक अहमद के परिवार में पत्नी शाइस्ता परवीन और भाई अशरफ के अलावा पांच बेटे हैं। परिवार पर ऐसे दुर्दिन कभी नहीं आए थे। अतीक अहमद पर 187 मुकदमे दर्ज हैं। उसके भाई अशरफ पर भी 50 से अधिक मुकदमे चल रहे हैं। बड़े बेटे उमर और अली भी आपराधिक मामलों में जेल में बंद हैं।
विस्तार
अतीक अहमद का परिवार प्रदेश में शायद इकलौता परिवार होगा, जिसके सभी बालिग सदस्य या तो जेल में है या फिर इनामी। अतीक के परिवार में सिर्फ उनकी पत्नी शाइस्ता और दो नाबालिग बेटे बचे थे। शनिवार को पुलिस ने शाइस्ता पर भी 25 हजार का इनाम घोषित कर दिया। अतीक अहमद के परिवार में पत्नी शाइस्ता परवीन और भाई अशरफ के अलावा पांच बेटे हैं।
परिवार पर ऐसे दुर्दिन कभी नहीं आए थे। अतीक अहमद पर 187 मुकदमे दर्ज हैं। उसके भाई अशरफ पर भी 50 से अधिक मुकदमे चल रहे हैं। बड़े बेटे उमर और अली भी आपराधिक मामलों में जेल में बंद हैं। उमेश पाल हत्याकांड में न केवल अतीक, अशरफ और उनके बेटों को नामजद किया गया बल्कि, पत्नी शाइस्ता के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज कराई गई। इस मामले में पुलिस ने अतीक के तीसरे नंबर के बेटे असद पर ढाई लाख का इनाम रखा है।
शाइस्ता पर भी 25 हजार का इनाम घोषित
शनिवार को अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता पर भी 25000 का इनाम घोषित कर दिया गया। उमेश हत्याकांड के बाद से ही शाइस्ता है। शाइस्ता पर इनाम होने के बाद अतीक अहमद का पूरा परिवार या तो इनामी है या जेल के अंदर। जो लोग जेल में है उन पर भी कभी इनाम घोषित था। 2007 में मायावती सरकार बनने के बाद अतीक अहमद फरार हो गए थे। राजू पाल हत्याकांड की फाइल फिर खोली गई थी।
जमानत पर छूटे अतीक को समझ आ गया था कि पुलिस उन्हें छोड़ेगी नहीं। उस समय अतीक सांसद थे, इसके बाद भी पुलिस ने उन पर 20 हजार का इनाम रखा था। बाद में उन्हें दिल्ली के प्रीतमपूरा इलाके से गिरफ्तार कर प्रयागराज लाया गया था। राजू पाल हत्याकांड में ही फरार अशरफ पर एक लाख का इनाम घोषित हुआ था। अशरफ 2010 में पकड़ा गया था। अशरफ दोबारा जब 2020 में पकड़ा गया तो उस पर उस समय भी एक लाख का इनाम था।
देवरिया कांड का आरोपी अतीक का बड़ा बेटा उमर भी दो लाख का इनामी रह चुका है। दूसरे नंबर के बेटे अली पर पुलिस 50000 का इनाम घोषित कर चुकी है। उमेश हत्याकांड में तीसरे नंबर के बेटे असद पर पुलिस ने ढाई लाख का इनाम घोषित किया है। दोनों नाबालिग बेटे बाल संरक्षण गृह में हैं।
अतीक कुनबे पर इनाम
1-अतीक अहमद : 20 हजार का इनाम। (राजू पाल हत्याकांड में 2007 में सांसद रहते हुआ था इनाम कुछ महीनों बाद हुए थे गिरफ्तार। )
2-अशरफ : अशरफ पर दो बार एक एक लाख का घोषित हो चुका है इनाम। 2010 और 2020 में एक एक लाख का इनामी रहते हुआ था गिरफ्तार।
3-उमर : अतीक अहमद के बेटे उमर पर दो लाख का इनाम हुआ था घोषित। अब लखनऊ जेल में।
4-अली : अतीक अहमद के दूसरे बेटे अली पर 50 हजार का था इनाम। वर्तमान में नैनी जेल में बंद।
5-असद : तीसरे नंबर के बेटे असद पर अब तक का सबसे बड़ा ढाई लाख का इनाम। उमेश हत्याकांड के मुख्य आरोपियों में से एक।
6-शाइस्ता परवीन : अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन पर 25 हजार का इनाम घोषित। उमेश पाल हत्याकांड में आरोपी बनाई गईं।