डेंगू का कहर : शक के दायरे में कीटनाशक, डिप्टी सीएम पाठक ने कमिश्नर से तीन दिन में मांगी रिपोर्ट
डेंगू के बढ़ते मामलों के बीच शाम को प्रयागराज पहुंचे डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि कीटनाशक की गुणवत्ता में गड़बड़ी है या फिर सही प्रकार से उसका छिड़काव नहीं हुआ है। क्योकि अगर सब सही प्रकार से होता तो सिर्फ चार जिलों में ही आखिर डेंगू और बुखार का इतना कहर क्यों बढ़ रहा है।
विस्तार
डेंगू के बढ़ते मामलों और हाईकोर्ट में अधिकारियों के पेशी के एक दिन पहले प्रयागराज पहुंचे डिप्टी सीएम व स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने कीटनाशक की गुणवत्ता पर ही सवाल उठा दिए हैं। कीटनाशक छिड़काव के आंकड़ों पर भी डिप्टी सीएम ने प्रश्न उठाते हुए कमिश्नर विजय विश्वास पंत से तीन दिनों में इसकी विस्तृत रिपोर्ट तलब की है।
डेंगू के बढ़ते मामलों के बीच शाम को प्रयागराज पहुंचे डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि कीटनाशक की गुणवत्ता में गड़बड़ी है या फिर सही प्रकार से उसका छिड़काव नहीं हुआ है। क्योकि अगर सब सही प्रकार से होता तो सिर्फ चार जिलों में ही आखिर डेंगू और बुखार का इतना कहर क्यों बढ़ रहा है। उन्होंने कमिश्नर समेत जिले के सभी प्रमुख अधिकारियों के साथ बैठक करके डेंगू नियंत्रण को लेकर उठाए गए कदम की जांच करके उसकी रिपोर्ट भी मांगी है। कहा कि शहरी और ग्रामीण इलाकों में साफ सफाई की व्यवस्था दुरुस्त कराए और संचारी रोगों की रोकथाम के लिए फिर से अभियान चलाया जाए।
घर-घर जाकर उपचार कराने की करें व्यवस्था
जिले में डेंगू से हुई मौतों और बुखार के बढ़ते मामलों को देखते हुए डिप्टी सीएम ने सीएमओ डॉ. नानक सरन और प्राचार्य एमएलएन मेडिकल कॉलेज डॉ. एसपी सिंह से चार मोबाईूनिट बनाकर शहरी और ग्रामीण इलाकों में घर-घर जाकर लोगों का उपचार कराने की व्यवस्था के निर्देश दिए। कहा कि अन्य जिलों में डेंगू और बुखार की स्थित इतनी खराब नहीं है। बुखार की स्थिति को पैनिक किया जा रहा है। पिछले साल अक्टूबर माह में 900 डेंगू के मामले सामने आए थे। ऐसे में इस पर नियंत्रण करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाएं जाएं।
अस्पतालों में बेड और प्लेटलेट कमी को लेकर पूछे गए सवाल पर डिप्टी सीएम ने कहा कि अस्पताल में बेडों की संख्या र्प्याप्त है और प्लेटलेट की कमी भी नहीं है। दवा की किसी भी प्रकार की कमी ना हो, इसके लिए सीएमओ का निर्देश दिए गए हैं। दवाओं की कमी ना हो, इसके लिए सरकार की ओर से सभी जिलों में लोकल पर्चेज के लिए 20 प्रतिशत एडवांस में बजट दे दिया गया है।
डिप्टी सीएम ने माना जिले में हुई हैं नौ मौतें
जिले का स्वास्थ्य विभाग और मलेरिया विभाग भले ही डेंगू से छह मौत होने का दावा कर रहा है, लेकिन बृहस्पतिवार को सर्किट हाउस पहुंचे डिप्टी सीएम ने भी जिले में नौ मौतें होने की बात कबूल की। कहा कि आगे मौतें ना हो, इसके लिए सभी जरूरी कदम कड़ाई से उठाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही सभी अस्पतालों के गेट पर व्हीलचेयर के साथ एक कर्मचारी को तैनात करने का निर्देश दिया गया है। इससे अस्पताल आने वाले मरीजों को किसी भी प्रकार की कोई दिक्कत ना हो।