क्रेट-2022 : शिक्षक खाली नहीं, क्रेट के रिजल्ट का करना होगा इंतजार, मूल्यांकन में हो रही है देरी
इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) एवं संघटक महाविद्यालयाें में पीएचडी प्रवेश के लिए संयुक्त शोध प्रवेश परीक्षा (क्रेट)-2022 के आयोजन को एक माह बीत गए हैं और परीक्षा परिणाम अभी जारी नहीं हुआ। गर्मी की छुट्टियां शुरू हो चुकी हैं और विश्वविद्यालय में परीक्षाएं भी चल रहीं हैं।
विस्तार
इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) एवं संघटक महाविद्यालयाें में पीएचडी प्रवेश के लिए संयुक्त शोध प्रवेश परीक्षा (क्रेट)-2022 के आयोजन को एक माह बीत गए हैं और परीक्षा परिणाम अभी जारी नहीं हुआ। गर्मी की छुट्टियां शुरू हो चुकी हैं और विश्वविद्यालय में परीक्षाएं भी चल रहीं हैं। ऐसे में शिक्षक उपलब्ध न होने से कॉपियों के मूल्यांकन में देरी हो रही है।
इविवि एवं संघटक महाविद्यालयों में पीएचडी की 734 सीटों पर प्रवेश के लिए 7523 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था और इनमें से 6127 अभ्यर्थियों ने शुल्क जमा करते हुए आवेदन की प्रक्रिया पूरी की थी। विश्वविद्यालय की ओर से 23 अप्रैल को प्रयागराज के छह केंद्रों में संयुक्त शोध प्रवेश परीक्षा (क्रेट) लेवल-1 का आयोजन किया गया था।
ऑफलाइन मोड में हुई परीक्षा में 76.15 फीसदी अभ्यर्थियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई थी। प्रवेश परीक्षा 30 अंकों की थी। भाग-1 में 50 बहुविकल्पीय प्रश्न थे, जिनमें 25 प्रश्न शोध पद्धति और 25 प्रश्न संबंधित विषय से थे। वहीं, भाग-2 में कुल 200 अंकों की लिखित परीक्षा कराई गई थी। अभ्यर्थियों की कॉपियों का मूल्यांकन विश्वविद्यालय के शिक्षकों को ही करना है।
विश्वविद्यालय में मई से गर्मी की छुट्टियां शुरू हो चुकी हैं। इस दौरान परीक्षाएं भी चल रहीं हैं। शिक्षकों की ड्यूटी परीक्षा में लगा दी गई है। वहीं, कई शिक्षक छुट्टी पर हैं। शिक्षकों की व्यस्तता और अनुपलब्धता के कारण क्रेट की कॉपियों का मूल्यांकन धीमी गति से हो रहा है। ऐसे में अभ्यर्थियों को रिजल्ट के लिए इंतजार करना पड़ सकता है।
वैसे भी कोविड के कारण पीएचडी प्रवेश की प्रक्रिया एक सत्र पीछे चल रही है। यही वजह है कि इविवि प्रशासन की ओर से सत्र 2022 के लिए क्रेट का आयोजन कराने के बाद सत्र 2023 के लिए भी क्रेट की तैयारी शुरू कर दी गई है। प्रवेश प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो. जेके पति का कहना है कि जो भी शिक्षक उपलब्ध हैं, उनसे कॉपियों का मूल्यांकन कराया जा रहा है। रिजल्ट जल्द देने का प्रयास किया जा रहा है।