Prayagraj : गुजरात जहाज क्रैश में जान गंवाने वाले सौरभ के घर पर मचा कोहराम, धूमनगंज में रहता है परिवार
कौशाम्बी जिले के अलीगंज कोखराज के मूल निवासी ज्ञान सिंह के पुत्र सौरभ यादव का परिवार प्रयागराज में धूमनगंज थाना क्षेत्र के प्रीतमनगर में रहता है। रविवार को घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।
विस्तार
गुजरात के पोरबंदर पोर्ट पर हेलिकॉप्टर क्रैश में शहीद हुए इंडियन कोस्टगार्ड के तीन सैनिकों में शहर के सपूत कमांडेंट सौरभ यादव (42) भी शामिल थे। मूलरूप से कौशाम्बी निवासी शहीद का परिवार धूमनगंज के साकेत नगर का रहने वाला है। परिजनों ने बताया कि कोस्टगार्ड की टीम मंगलवार को उनका पार्थिव शरीर लेकर पहुंचेगी। इसके बाद रसूलाबाद घाट पर अंतिम संस्कार किया जाएगा।
शहीद के मामा गजेंद्र यादव ने बताया कि रविवार दोपहर हुए हादसे की सूचना शाम को परिजनों को मिली। बताया गया कि मेडिकल रेस्क्यू के बाद पोर्ट पर लैंड करते वक्त हुए हेलिकॉप्टर क्रैश में सौरभ के साथ मौजूद उनके दो साथियों की मौके पर ही सांसें थम गई थीं। जबकि, गंभीर रूप से घायल होने पर अस्पताल ले जाते वक्त सौरभ भी शहीद हो गए थे। मामा ने बताया कि सौरभ के पिता ज्ञान सिंह पुलिस विभाग में वित्त नियंत्रक पद से रिटायर हुए हैं।
वह मूल रूप से कौशाम्बी के कोखराज स्थित अलीगंज के रहने वाले हैं। उनकी तीन संतानों में सौरभ मझले थे और 2022 से इंडियन कोस्टगार्ड में तैनात थे। उनकी तैनाती पोरबंदर में थी। जहां वह अपनी पत्नी वासिता व दो बच्चों छह वर्षीय बेटी टीका व तीन साल के बेटे बाली के साथ रहते थे। उन्होंने बताया कि सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद पोरबंदर में ही उन्हें अंतिम सलामी दी गई। इसके बाद फ्लाइट से पार्थिव शरीर अहमदाबाद लाया गया और वहां से अब प्रयागराज लाया जा रहा है। सौरभ के छोटे भाई अंकुश अमेरिका में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं जबकि, बड़ी बहन एचबीटीआई कानपुर में तैनात हैं।
क्रैश हो गया था हेलीकॉप्टर
बता दें कि गुजरात के पोरबंदर में कोस्ट गार्ड का एक हेलीकॉप्टर रविवार को क्रैश हो गया था। इस हादसे में कुल तीन लोगों की मौत हुई है। मरने वालों में पायलट और को-पायलट शामिल हैं। रविवार दोपहर गुजरात के पोरबंदर हवाई अड्डे पर लैंडिंग के दौरान भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) का एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें चालक दल के तीन सदस्यों की मौत हो गई थी।