प्रयागराज : दुष्कर्म के आरोपी चौकी इंचार्ज समेत चार पर केस, आरोपी को किया गया निलंबित
महिला का आरोप है कि उसके फोन पर कुछ दिन पहले एक अज्ञात व्यक्ति ने धमकी भरा फोन किया था। इस पर उसने जंघई पुलिस चौकी में शिकायत की थी। इसी दौरान चौकी प्रभारी सुधीर पांडेय ने उसका मोबाइल नंबर लिया। महिला के मुताबिक उसका पति मुंबई में काम करता है।
विस्तार
कार में महिला से दुष्कर्म के मामले में जंघई चौकी इंचार्ज समेत चार के खिलाफ सरायममरेज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। उधर आरोपी चौकी प्रभारी को निलंबित कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
महिला का आरोप है कि उसके फोन पर कुछ दिन पहले एक अज्ञात व्यक्ति ने धमकी भरा फोन किया था। इस पर उसने जंघई पुलिस चौकी में शिकायत की थी। इसी दौरान चौकी प्रभारी सुधीर पांडेय ने उसका मोबाइल नंबर लिया। महिला के मुताबिक उसका पति मुंबई में काम करता है। उसे अकेला जानकर अर्जुन, सभाजीत निवासी मधई का पूरा जंघई, बाबानगर व चनेथू गांव निवासी संतोष पांडेय व चौकी प्रभारी सुधीर पांडेय उसके मोबाइल पर फोनकर अश्लील बातें करने लगे।
21 सितंबर की शाम करीब छह बजे उसे चौकी पर बुलाया। चौकी पर जाते समय रास्ते में दुर्गागंज बाईपास पर ही दरोगा सुधीर अपनी निजी कार में बैठे थे। उन्होंने महिला को बुलाया और कहा कि तुम्हारे मोबाइल पर धमकी भरा फोन करने वाला व्यक्ति भदोही का है। उसे पकड़ना है। चौकी प्रभारी सुधीर पांडेय ने जबरदस्ती उसे कर में खींचकर बैठा लिया। दुर्गागंज के पास ठंंडे पेय में नशीला पदार्थ पिलाकर दिया। जिससे वह बेसुध हो गई। इसके बाद आरोपी दरोगा ने दुष्कर्म किया।
रास्ते में दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी कार
शराब के नशे में धुत चौकी प्रभारी भदोही से जंघई आ रहे थे। इसी बीच रास्ते में गौरा, थाना दुर्गागंज भदोही में कार अनियंत्रित होकर आम के पेड़ से टकरा गई। हादसे में महिला को भी चोट आई। लोगों की सूचना पर पुलिस पहुंची और चौकी प्रभारी व महिला को जंघई पहुंचाया।
आरोप है कि घटना को छिपाने के लिए चौकी प्रभारी सुधीर ने अर्जुन, सभाजीत व संतोष पांडेय से उसे जान से मारने की धमकी दिलवाई। परेशान महिला ने उच्चाधिकारियों से मिलकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। अफसरों के आदेश पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। उधर मुकदमा दर्ज होने के बाद उसे निलंबित कर दिया गया है।
चौकी प्रभारी समेत चार आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साथ ही चौकी प्रभारी को निलंबित कर विभागीय जांच भी शुरू करा दी गई है। मामले की जांच एसीपी हंडिया को सौंपी गई है। - रविशंकर निम, प्रभारी डीसीपी गंगानगर