Prayagraj: एमडीएच मसाला कंपनी का डीलरशिप देने के नाम पर व्यवसायी से 8.82 लाख की ठगी, गूगल से सर्च किया था नंबर
कोतवाली थाना क्षेत्र के रहने वाले किराना व्यवसायी से 8.82 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने मसाला कंपनी की डीलरशिप देने के नाम पर अलग-अलग बहाने से रुपये ऐंठ लिए।
विस्तार
कोतवाली थाना क्षेत्र के रहने वाले किराना व्यवसायी से 8.82 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने मसाला कंपनी की डीलरशिप देने के नाम पर अलग-अलग बहाने से रुपये ऐंठ लिए। कोतवाली थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ प्राथमिक दर्ज की है। कोतवाली थाना क्षेत्र के जीरो रोड निवासी किराना व्यवसायी अजय कुमार साहू ने पुलिस को बताया कि एमडीएच मसाला की डीलरशिप लेने के लिए उन्होंने छह नवंबर को गूगल पर सर्च किया। इस दौरान एमडीएच के नाम से बनी वेबसाइट पर डीलरशिप का फॉर्म भरा। इसके बाद उनके मोबाइल फोन पर दो अलग-अलग नंबरों से कॉल आई।
कॉल करने वाले ने एक फॉर्म पर सभी दस्तावेज अपलोड कराए और पंजीकरण शुल्क के नाम पर 39,800 रुपये इंडियन बैंक के खाते में जमा कराने को कहा। बैंक खाते में रुपये जमा करने के बाद उनके पास फिर से फोन आया और पांच साल की सिक्योरिटी मनी के नाम पर 98,725 रुपये और जमा करवाए गए। इसके बाद मसाला के मूल्य के नाम पर 6.50 लाख रुपये की मांग की गई। ऑर्डर देने के बाद 15 नवंबर को 1.50 लाख, 17 नवंबर को 1.43 लाख, 18 नवंबर को 2.26 लाख और 20 नवंबर को 1.30 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए गए।
इसके अगले दिन माल का बीमा करने के नाम पर 93,845 हजार रुपये और 24 नवंबर को साइट विजिट के नाम पर 53,845 हजार रुपये जमा करवाए गए। इस तरह उन्होंने कुल 8,82,370 रुपये दिए। इसके बावजूद उन्हें मसाले नहीं मिले। आरोप है कि जब उक्त लोगों से मसाले भेजने के लिए कहा तो उन्होंने गालीगलौज शुरू कर दी।