Prayagraj: नैनी में स्थापित होगा बिस्लेरी प्लांट, मंत्री नंदी ने दिया आवंटन पत्र, बोले- सरकार उद्यमियों के साथ
उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने शुक्रवार को प्रयागराज मंडल के उद्यमियों से सीधा संवाद किया। नैनी स्थित यूनाइटेड इंजीनियरिंग कॉलेज सभागार परिसर में आयोजित समाधान दिवस में मंत्री नंदी ने एक-एक उद्यमियों की समस्याओं को सुना और उनका त्वरित निस्तारण करने का आश्वासन दिया।
विस्तार
उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने शुक्रवार को प्रयागराज मंडल के उद्यमियों से सीधा संवाद किया। नैनी स्थित यूनाइटेड इंजीनियरिंग कॉलेज सभागार परिसर में आयोजित समाधान दिवस में मंत्री नंदी ने एक-एक उद्यमियों की समस्याओं को सुना और उनका त्वरित निस्तारण करने का आश्वासन दिया। कहा कि हम पूरी तरह आपके लिए तत्पर हैं, हम आपको भरोसा दिलाते हैं कि आपकी समस्याओं का शीघ्रता के साथ गुणवत्तापूर्ण निस्तारण होगा।
मंत्री नंदी ने सरस्वती हाईटेक सिटी में 270 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित होने वाले बिस्लेरी प्लांट के लिए निदेशक बिसलेरी वनकटा श्रीधर को 12.96 एकड़ भूमि आवंटन का आवंटन पत्र प्रदान किया। मंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों में जहां प्रयागराज से उद्योगों का पलायन हो रहा था, वहीं हमारी सरकार में निवेशक स्वयं आगे आ रहे हैं और उद्योग स्थापित कर रहे हैं। सरस्वती हाईटेक सिटी में वरूण बेवरेजेज का प्लांट स्थापित होने के बाद अब बिस्लेरी का प्लांट स्थापित होने की प्रक्रिया शुरू होने से सैकड़ों लोगों को रोजगार मिलेगा।
उद्यमियों से संवाद करते हुए मंत्री ने कहा कि समाधान दिवस का उद्देश्य उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) के औद्योगिक क्षेत्रों में कार्यरत उद्यमियों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना, संवाद स्थापित करना और नीति सुधारों की दिशा में उद्योगों की सहभागिता को मजबूत बनाना है।
इस अवसर पर अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी चर्चित गौड़, प्रधान महाप्रबंधक अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी राजीव त्यागी, निदेशक बिसलेरी वनकटा श्रीधर, प्रभारी औद्योगिक क्षेत्र मनीष कुमार लाखा, अध्यक्ष पूर्वी उत्तर प्रदेश चेम्बर आफ कामर्स एंड इंडस्ट्री विनय कुमार टण्डन, अध्यक्ष नैनी औद्योगिक संगठन राजीव नैय्यर, उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक संगठन अरविंद राय, अध्यक्ष लघु उद्योग संजय जैन, चौम्बर आफ कामर्स इण्डस्ट्रीज नैनी मोहित नैय्यर सहित बड़ी संख्या उद्यमीगण व अन्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यों की गुणवत्ता से नहीं किया जाएगा कोई समझौता, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
नैनी औद्योगिक क्षेत्र में उद्यमियों के साथ संवाद के बाद मंत्री नंदी ने उद्यमियों एवं अधिकारियों के साथ नैनी औद्योगिक क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। जहां चल रहे विकास कार्यों की रफ्तार धीमी होने, नाला-नाली क्षतिग्रस्त होने, जलनिकासी और साफ-सफाई की व्यवस्था बेहतर न होने पर मंत्री ने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को तत्काल व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। मंत्री ने नैनी औद्योगिक क्षेत्र के गेट नंबर एक पर हो रहे गेट के निर्माण का निरीक्षण किया। निर्माण सामग्री के गुणवत्ता की जांच करते हुए कार्य में लापरवाही न करने और समय से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उद्यमियों ने जलनिकासी की व्यवस्था बेहतर न होने की शिकायत की। जिसकी वजह से बरसात के मौसम में जलभराव होता है। मंत्री ने मौके पर निरीक्षण किया तो कई स्थानों पर नाली बंद पाई गई। जिस पर मंत्री नन्दी ने नाला-नाली की सफाई एवं मरम्मत कराते हुए जलनिकासी व्यवस्था को बरसात के पहले दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। गेट नंबर एक के पास ही वर्षों से बंद पड़ी निष्प्रयोज्य दुकानों को ध्वस्त कराने का आदेश मंत्री ने दिया। साथ ही सिंचाई विभाग को दी गई खाली भूमि को वापस लेने का भी निर्देश दिया। पार्कों की साफ-सफाई को बेहतर बनाने और सौंदर्याकरण का कार्य कराने के निर्देश भी मंत्री ने दिया।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.