Prayagraj : महाकुंभ में कॉल करते ही पहुंचेगी ऑटोमैटिक ब्लोअर मिस्ट, मच्छर- मक्खियों से दिलाएगी निजात
महाकुंभ के नोडल जॉइंट डायरेक्टर (वेक्टर कंट्रोल) डॉ. वीपी सिंह ने बताया कि मेला क्षेत्र के दौरान चप्पे-चप्पे पर कीटनाशक का छिड़काव किए जाने की तैयारी है। श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने पाए, इसके लिए 62 पल्स फॉगिंग मशीनें भी मंगवाई गई हैं।
विस्तार
महाकुंभ के किसी भी कोने से बस एक कॉल करते ही 30 मिनट के भीतर ऑटोमैटिक ब्लोअर मिस्ट मौके पर पहुंचकर मच्छर और मक्खी का खत्म कर देगी। अखाड़ों और टेंट सिटी को इंसेक्ट फ्री बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने संत महात्माओं के साथ-साथ श्रद्धालुओं के लिए भी विशेष व्यवस्था की है।
महाकुंभ के नोडल जॉइंट डायरेक्टर (वेक्टर कंट्रोल) डॉ. वीपी सिंह ने बताया कि मेला क्षेत्र के दौरान चप्पे-चप्पे पर कीटनाशक का छिड़काव किए जाने की तैयारी है। श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने पाए, इसके लिए 62 पल्स फॉगिंग मशीनें भी मंगवाई गई हैं। वहीं संतों और श्रद्धालुओं की हिफाजत के लिए 78 स्पेशल ऑफिसर तैनात किए जा रहे हैं। इसके अलावा मेला क्षेत्र में 45 मलेरिया इंस्पेक्टरों की तैनाती की जा रही है, जो श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखेंगे। इनके अलावा 28 असिस्टेंट मलेरिया इंस्पेक्टर भी तैनात किए जाएंगे, जो साधु संतों के साथ श्रद्धालुओं की भी देखभाल करेंगे।
आधुनिक उपकरणों से सुनिश्चित होगी स्वच्छता
महाकुंभ में आने वाले देश-विदेश के श्रद्धालुओं, पर्यटकों को स्वच्छ और सुविधाजनक वातावरण प्रदान करने के लिए आधुनिक स्वच्छता उपकरणों का उपयोग किया जाएगा। इसके लिए प्रयागराज मेला प्राधिकरण की ओर से तैयारी की गई है। मेला शुरू होने से पूर्व इन आधुनिक उपकरणों को तैनात कर दिया जाएगा। इन उपकरणों में 10 मैनुअल वॉक-बिहाइंड स्वीपिंग मशीन और दो बैटरी ऑपरेटेड वैक्यूम टाइप लिटर पिकर शामिल हैं।
मेला क्षेत्र के पक्के घाटों, फुटपाथों, सड़कों तथा विभिन्न सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई के लिए कॉम्पैक्ट मैनुअल स्वीपिंग मशीन का उपयोग किया जाएगा। पर्यावरण-अनुकूल उपकरण के रूप में यह ईंधन या बिजली की आवश्यकता के बिना संचालित होता है। यह उपकरण स्वच्छता कर्मियों को अपने कार्यों को अधिक कुशलतापूर्वक और प्रभावी ढंग से करने के साथ-साथ स्वच्छ और हरित वातावरण में योगदान करने के लिए सक्षम बनाता है।
इसके साथ ही साफ सफाई के लिए बैटरी चालित वैक्यूम टाइप लिटर पिकर भी मेला क्षेत्र में शामिल किया जाएगा। यह कूड़ा बीनने वाली मशीन एक बैटरी चालित, राइड-ऑन कम वॉक-अलॉन्ग पावर-सक्शन वैक्यूम मशीन है जिसे कूड़े और मलबे के संग्रह के लिए डिजाइन किया गया है।