इविवि के छात्रसंघ महामंत्री का कैंपस प्रवेश प्रतिबंधित
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इलाहाबाद विश्वविद्यालय ने छात्रसंघ महामंत्री शिवम सिंह को अनुशासन संहिता और इविवि के छात्रसंघ चुनाव संहिता के उल्लंघन पर कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इविवि के प्रॉक्टर की ओर से छात्रसंघ महामंत्री शिवम सिंह को भेजी नोटिस में नामांकन निलंबित रखते हुए इविवि परिसर में 15 मई तक प्रवेश प्रतिबंधित करने के साथ ताराचंद छात्रावास में कब्जेदार होने के चलते छात्रावास के अधिकार से वंचित कर दिया है। प्रॉक्टर की ओर से भेजे पत्र में कहा गया है कि शिवम सिंह ने छात्रसंघ 2018 के चुनाव में महामंत्री पद पर नामांकन दाखिल किया और उम्मीदवार होने की अर्हता न होते हुए भी चुनाव में महामंत्री पद के लिए नामांकन किया।
छात्रसंघ महामंत्री पर लग चुका है परीक्षा अर्थदंड
प्रॉक्टर प्रो. राम सेवक दुबे की ओर से छात्रसंघ महामंत्री नोटिस भेजकर उनसे 31 मार्च तक लिखित जवाब मांगा है। प्रॉक्टर की ओर से भेजे पत्र में कहा गया है कि क्यों न आपको विवि से निष्कासित करते हुए चुनाव में अपात्र होेने के कारण आपकी चुनावी पात्रता शून्य करने की संस्तुति इविवि कार्य परिषद अध्यक्ष एवं छात्रसंघ के संरक्षक कुलपति को भेज दी जाए। प्रॉक्टर की ओर से शिवम सिंह को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि 2017 में अनुशासनहीनता के आरोप में आपको चेतावनी देकर छोड़ने का रिकार्ड प्रॉक्टर कार्यालय में है। इसके साथ 2017 में ही शिवम सिंह परीक्षा नियंत्रक कार्यालय में नकल अर्थदंड में 100 रुपये जमा कर चुके हैं। परीक्षा नियंत्रक कार्यालय से अर्थदंड एवं प्रॉक्टर कार्यालय की ओर से अनुशासनहीनता के आरोप की बात उन्होंने छात्रसंघ चुनाव में छिपाई। यह लिंगदोह कमेटी की सिफारिश का उल्लंघन है। शिवम सिंह पर प्रॉक्टर ने आरोप लगाया है कि उन्होंने छात्रावास अधीक्षक को 10 कमरे की सूची देकर उन्हें खाली रखने को कहा था। प्रॉक्टर ने इन सभी आरोपों को ध्यान में रखकर शिवम सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी की है।