Amar Ujala Carnival : मंत्री नंदी बोले- आस्था की राजधानी, उत्सवों की भूमि है संगमनगरी
अमर उजाला शुभ-लाभ कार्निवाल में बतौर मुख्य अतिथि औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने कहा कि प्रयागराज न केवल आस्था की राजधानी है बल्कि यह उत्सवों की भूमि भी है।
विस्तार
अमर उजाला शुभ-लाभ कार्निवाल में बतौर मुख्य अतिथि औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने कहा कि प्रयागराज न केवल आस्था की राजधानी है बल्कि यह उत्सवों की भूमि भी है। उन्होंने महाकुंभ के आयोजन को कार्निवल से जोड़ते हुए कहा कि यह आयोजन प्रयागराज की खुशियों, उत्सव और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है। बच्चों की प्रस्तुतियां सराहनीय हैं।
उन्होंने पीएम मोदी और सीएम योगी की तरफ से शहरवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि घटा जीएसटी, बढ़ा व्यापार, धन्यवाद मोदी सरकार... इसलिए खुशियां मनाएं और प्रसन्न रहें। मंत्री नंदी ने कहा कि इस आयोजन में बच्चों, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों के लिए गीत, नृत्य, कला, साहित्य और मनोरंजन की शानदार प्रस्तुतियां शहरवासियों के लिए यादगार और प्रेरक बनेंगी। प्रयागराज के बच्चे नई इबारत लिखें।
कहा, अमर उजाला प्रतिभाओं को मंच प्रदान कर शहर के लोगों का मान बढ़ा रहा है। प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना इस आयोजन का मुख्य आकर्षण और उद्देश्य है। इससे प्रतिभागियों का आत्मविश्वास मजबूत होता है। मंत्री नंदी ने कहा कि इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में शहर के व्यापारियों और प्रायोजकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। मैं सभी का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं और शुभकामना देता हूं कि अमर उजाला का यह कार्निवल हर वर्ष और अधिक भव्यता के साथ आयोजित होता रहे।
सभी प्रतिभागियों को मिलेगा नंदी उत्पादों का गिफ्ट हैंपर
मंत्री नंदी ने मंच पर हुईं प्रस्तुतियों को सराहते हुए प्रतिभागियों को अमर उजाला की ओर से पुरस्कृत किया। उन्होंने सभी को नंदी उत्पादों का गिफ्ट हैंपर देने की घोषणा की। इसके लिए सभी प्रतिभागियों का विवरण लिया गया है।